असम में फिर बीजेपी सरकार, हिमंता बिस्वा सरमा 12 मई को लेंगे CM पद की शपथ

Date: 2026-05-10
news-banner

असम में एक बार फिर हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में बीजेपी सरकार बनने जा रही है। बीजेपी विधायक दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुना गया, जिसके बाद पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनके नाम की आधिकारिक घोषणा की। हिमंता बिस्वा सरमा 12 मई को सुबह 11 बजे तीसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। हालांकि यह लगातार उनका दूसरा कार्यकाल होगा।

बीजेपी ने विधायक दल की बैठक के लिए पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। गुवाहाटी में आयोजित बैठक में औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद हिमंता के नाम पर मुहर लगी। गौरतलब है कि उन्होंने 6 मई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था और तब से कार्यवाहक मुख्यमंत्री के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

जानकारी के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह गुवाहाटी के खानापारा वेटरनरी कॉलेज मैदान में आयोजित किया जाएगा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी निमंत्रण भेजा गया है।

असम में बीजेपी ने पहली बार 2016 में सरकार बनाई थी, जब सर्वानंद सोनोवाल मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद 2021 में हिमंता बिस्वा सरमा ने राज्य की कमान संभाली। अब 2026 विधानसभा चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन ने फिर से प्रचंड जीत दर्ज की है।

4 मई को घोषित चुनाव परिणामों में 126 सदस्यीय असम विधानसभा में बीजेपी ने 82 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। कांग्रेस 19 सीटों पर सिमट गई। वहीं बीओपीएफ और एजीपी को 10-10 सीटें मिलीं, जबकि एआईयूडीएफ सिर्फ 2 सीटों तक सीमित रह गई।

Leave Your Comments