बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची का अंतिम अपडेट पूरा हो चुका है। लगभग 97 दिनों तक चले वोटर लिस्ट जांच के दौरान कुल 59 लाख 30 हजार 818 नाम हटा दिए गए, जबकि 21 लाख 53 हजार 343 नए मतदाता जोड़े गए हैं।
इस बदलाव के बाद बिहार में अब कुल मतदाताओं की संख्या 7 करोड़ 41 लाख 92 हजार 357 रह गई है, जो पहले 7 करोड़ 89 लाख 69 हजार 844 थी। हटाए गए नामों में वे लोग शामिल हैं जो अब इस दुनिया में नहीं रहे, जिनके नाम दो बार दर्ज थे या जो कहीं और स्थायी रूप से चले गए थे। इस अपडेट से मतदाता सूची अधिक साफ-सुथरी और भरोसेमंद हो गई है, जो आने वाले के लिए अहम साबित होगी।
बिहार वोटर लिस्ट 2025 कैसे डाउनलोड करें
बिहार वोटर लिस्ट 2025 को डाउनलोड करना अब बहुत ही आसान हो गया है। आप इसे ऑफिशियल वेबसाइटों के जरिए घर बैठे ही प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए आपको मुख्य चुनाव अधिकारी बिहार की वेबसाइट ceoelection.bihar.gov.in या भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जाना होगा। यहां पर आपको अपना जिला, विधानसभा क्षेत्र और बूथ चुनना होगा, जिसके बाद आप पूरी मतदाता सूची की PDF फाइल डाउनलोड कर सकते हैं। यह सुविधा मतदाताओं के लिए बेहद उपयोगी है क्योंकि इससे वे अपने नाम की पुष्टि कर सकते हैं और चुनाव से जुड़ी किसी भी जानकारी को आसानी से देख सकते हैं।
इसके अलावा, मतदाता हेल्पलाइन मोबाइल ऐप की मदद से भी अपनी वोटर लिस्ट चेक की जा सकती है। ऐप के माध्यम से मतदाता अपना नाम खोज सकते हैं, वोटिंग बूथ की जानकारी ले सकते हैं और जरूरत पड़ने पर पूरी लिस्ट फोन में सेव भी कर सकते हैं। इससे मतदाताओं को चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुविधा मिलती है।
और फिजिकल कॉपी कहां मिलेगी?
जहां तक फिजिकल कॉपी की बात है, मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO), बिहार के कार्यालय ने बताया है कि अंतिम मतदाता सूची की हार्ड कॉपी राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारी-कम-निर्वाचन पदाधिकारी (DM-cum-DEO) के कार्यालयों को भेज दी गई है। इसके अलावा, यह सूची सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध कराई जाती है। इससे यह सुनिश्चित होता है कि चुनाव प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनी रहे और राजनीतिक दल भी मतदाता सूची की समीक्षा कर सकें।
आप अपने नजदीकी प्रखंड या जिला निर्वाचन कार्यालय से भी वोटर लिस्ट की फिजिकल कॉपी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा, अपने मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से भी सूची की हार्ड कॉपी देखी जा सकती है।
इस तरह से बिहार के मतदाता अपनी वोटर लिस्ट की डिजिटल और फिजिकल दोनों ही कॉपियों को आसानी से प्राप्त कर सकते हैं और चुनाव में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर सकते हैं।