दिल्ली। पहली बार पश्चिम बंगाल की सत्ता में पहुंची भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में सरकार गठन की तैयारियां तेज कर दी हैं और नौ मई को नए मुख्यमंत्री के ताजपोशी की संभावना है।
भारतीय जनता पार्टी BJP ने पश्चिम बंगाल और असम में सरकार गठन की प्रक्रिया के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। पश्चिम बंगाल में अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक और ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी को सह पर्यवेक्षक बनाया गया है। असम में जे.पी. नड्डा केंद्रीय पर्यवेक्षक और हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी सह पर्यवेक्षक बनाया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा रसायन व उर्वरक मंत्री जे.पी.नड्डा को असम के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। वह राज्य में भाजपा विधायक दल की बैठक और नेता के चयन की प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
मीडिया की रिपोर्ट्स में पश्चिम बंगाल BJP प्रदेस अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के हवाले से कहा गया है कि राज्य में मुख्यमंत्री का शपथग्रहण नौ मई को होगा। इसी दिन रवीन्द्र नाथ टैगोर की 165 वीं जयंती भी है। बांग्ला कैलेंडर के अनुसार गुरुदेव की जयंती की तिथि 25 बैशाख की होती है जो मई के दूसरे हफ्ते में पड़ती है।