हाइलाइट्स :
• सोमवार को सरकारी बैंकों में सामान्य कामकाज हुआ
• तीन दिवसीय बैंक हड़ताल फिलहाल स्थगित
• पांच दिवसीय बैंकिंग पर बनेगी समिति
• IBA-UFBU लंबित मांगों पर करेंगे बातचीत
Bank Strike Deferred: सरकारी बैंकों में सोमवार को सामान्य रूप से कामकाज हुआ है। 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल रविवार देर रात हुई बातचीत के बाद फिलहाल टाल दी गई।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने सोमवार को सोशल मीडिया X पर एक पोस्ट शेयर कर कहा कि UFBU की तरफ़ से बुलाई गई तीन दिवसीय हड़ताल टाल दी गई है। सभी शाखाएं और बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से काम करेंगी
इंडियन बैंक्स एसोसिएशन IBA और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस UFBU के बीच रविवार रात हुई बैठक में विभिन्न मांगों पर सहमति बनने के बाद हड़ताल टालने का फैसला हुआ।
हड़ताल स्थगित होने की प्रमुख वजह पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग पर आगे बातचीत के लिए उच्चस्तरीय समिति बनाने पर सहमति है। समिति में IBA और UFBU के प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह समिति सभी शनिवार को बैंक कर्मचारियों के लिए अवकाश घोषित करने की मांग पर विचार करेगी और संबंधित पक्षों से चर्चा कर समाधान तलाशेगी।
इसके अलावा स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन PLI योजना में बदलाव और मार्च 2024 की बैठक में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी चर्चा करने पर सहमति बनी है। इन आश्वासनों के बाद UFBU ने आंदोलन और हड़ताल को फिलहाल स्थगित कर दिया।
इससे पहले बैंक यूनियनों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था समेत विभिन्न मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल का आह्वान किया था। फिलहाल हड़ताल रद्द नहीं हुई है, बल्कि स्थगित की गई है। इसलिए आगे की बातचीत और समिति की प्रक्रिया पर नजर रहेगी।