रामनवमी को लेकर अयोध्या नगर निगम की बड़ी तैयारी, श्रद्धालुओं के लिए होंगे बड़े इंतजाम

Authored By: News Corridors Desk | 29 Mar 2025, 06:54 PM
news-banner

राम नगरी अयोध्या में इस बार रामनवमी के पर्व को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। बढ़ती गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। बता दें कि श्रृंगारहाट से रामपथ के गेट नंबर तीन तक मैटिंग बिछाई जाएगी। 

इसके साथ ही उस पर पानी का छिड़काव भी किया जाएगा। इसके अलावा रामपथ और धर्मपथ पर छायादार अस्थायी शिविर बनाए जा रहे हैं। वहीं 243 स्थानों पर पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। 

श्रमिकों की टीम सफाई कार्य में जुटी 

रामनवमी के मेला क्षेत्र में साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मशीनों के साथ-साथ श्रमिकों की टीम सफाई कार्य में जुटी है। वहां पर अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा मेला क्षेत्र को अतिक्रमण से मुक्त रखने के लिए प्रवर्तन दल सक्रिय रहेगा। 

इन सभी तैयारियों की निगरानी खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर रहे हैं। इसके साथ ही पिछले दिनों में मुख्यमंत्री ने अयोध्या में समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया था कि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत का सामना न करना पड़े। 

नगर निगम की खास तैयारी

IsAXv99.png

नगर आयुक्त संतोष शर्मा ने कहा कि हमारी पूरी कोशिश है कि किसी भी श्रद्धालु को तकलीफ न पहुंचे। रामनवमी मेले के दृष्टिगत आवंटित रुट पर तीन चरण में सफाई होगी। धर्मपथ, रामपथ, भक्ति, आरती घाट, चौधरी चरण सिंह घाट व दर्शन पथ समेत अन्य प्रमुख मार्गों पर प्रथम चरण में 1204, द्वितीय चरण में 398 व तृतीय चरण में 136 सफाई कर्मी उतारे जाएंगे। 

इनका सुपरविजन करने के लिए 73 पर्यवेक्षक लगाए गए हैं। कूड़ा एकत्रित करने के लिए 395 डस्टबिन की व्यवस्था भी की गई है। मेला क्षेत्र में साफ-सफाई के साथ शौचालय के भी पुख्ता बंदोबस्त किए जा रहे हैं। कुल 991 टॉयलेट्स सीट्स मेला क्षेत्र में लगी हुई हैं जिनकी साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारी लगाए गए हैं।

प्रकाश व्यवस्था और भव्य सजावट का ट्रायल

wBcwxBG.jpeg

राम जन्मभूमि परिसर में भव्य सजावट की जा रही है। शुक्रवार रात को राम मंदिर में विशेष प्रकाश व्यवस्था का ट्रायल किया गया, जिसमें मंदिर के अलग-अलग हिस्सों को रंगीन रोशनी से सजाया गया। यह ट्रायल करीब एक घंटे तक चला और इससे मंदिर की भव्यता में चार चांद लग गए। रामनवमी तक हर दिन शाम 7 से रात 10 बजे तक यह विशेष प्रकाश व्यवस्था जारी रहेगी।

श्रद्धालुओं के लिए अन्य जन सुविधाएं

* नगर निगम द्वारा रामनवमी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को छाया उपलब्ध कराने के लिए धर्मपथ पर विशेष रूप से अस्थायी शिविर निर्मित कराया जा रहा है। 

* धूप से बचाव के लिए जिला प्रशासन चिन्तहि स्थलों पर छायादार शिविर की व्यवस्था कर रहा है। 

* शिविर में श्रद्धालुओं के बैठने के साथ-साथ मूलभूत सुविधाएं तथा पेयजल, शौचालय व स्प्रिंकलर फैन की व्यवस्था भी की जाएगी।

* CSR के माध्यम से अयोध्या धाम क्षेत्र में ग्लूकॉन डी का वितरण किया जायेगा।

* अयोध्या में स्थित सभी हेल्थ एटीएम में ओआरएस की उपलब्धता को नगर निगम सुनिश्चित करेगा।

* अयोध्या धाम के चिन्हित स्थलों पर पादुका सेवा के कैंप लगाये जाएंगे।

*  गर्मी में तापमान वृद्धि के दृष्टिगत हैण्ड हेल्ड स्प्रिंकलर के माध्यम से स्प्रिंकलिंग कराई जाएगी।