बालीवुड से जुड़ीं दो शख्सियतें इन दिनों लोगों से एक ख़ास प्रयोजन के लिए आर्थिक मदद देने की अपील कर रही हैं। ये शख़्सियत हैं अभिनेता रणदीप हुड्डा और अनुपम खेर ।
दोनों ही अभिनेताओं ने अपनी अपील सोशल मीडिया पर भी शेयर किया है। रणदीप ने कहा कि असम विनाशकारी बाढ़ से जूझ रहा है, जिससे अनगिनत परिवारों को तुरंत मदद की ज़रूरत है।
उन्होंने कहा, ‘आपका हर योगदान प्रभावित लोगों तक राहत, भोजन, आश्रय और ज़रूरी सामान पहुँचाने में मदद कर सकता है।आइए, हम सब मिलकर इस संकट के समय में असम के लोगों की मदद करें।’
इस अपील के साथ ही रणदीप ने QR कोड स्कैन कर योगदान करने की अपील की।
अभिनेता अनुपम खेर ने भी इसी उद्देश्य के लिए पहल की है। उन्होंने कहा कि असम में आई बाढ़ की दिल दहला देने वाली तस्वीरों ने उन्हें बहुत दुखी कर दिया है। हज़ारों परिवारों ने अपने घर, अपनी आजीविका और कई मामलों में अपने अपनों को खो दिया है। इस त्रासदी में बेज़ुबान जानवर भी नहीं बच पाए हैं।
खेर ने कह, “अगर आप सक्षम हैं, तो कृपया 'मुख्यमंत्री राहत कोष, असम' में योगदान देने पर विचार करें। छोटा हो या बड़ा, आपका हर योगदान किसी ऐसे व्यक्ति के लिए उम्मीद की किरण बन सकता है जो अपनी ज़िंदगी को फिर से संवारने की कोशिश कर रहा है।”