Raaka Guinness World Record: अल्लू अर्जुन की ‘राका’ ने बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, 37 कलाकारों का मोशन कैप्चर

Raaka Guinness World Record: अल्लू अर्जुन की ‘राका’ ने बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, 37 कलाकारों का मोशन कैप्चर

सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की साई-फाई एक्शन फिल्म ‘राका’ ने रिलीज से पहले ही एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। फिल्म का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ है। ‘राका’ ने रियल-टाइम में सबसे ज्यादा लोगों के मोशन-कैप्चर का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है।

यह रिकॉर्ड एक ही समय में 37 कलाकारों का रियल-टाइम मोशन कैप्चर करके बनाया गया। यह रिकॉर्ड फरवरी 2026 में बना था, जबकि 15 सितंबर को इसे प्रमाणित किया गया।

37 कलाकारों के मोशन कैप्चर से बना रिकॉर्ड

‘राका’ की टीम ने एक ही समय में 37 कलाकारों का रियल-टाइम मोशन कैप्चर किया। इसी उपलब्धि के लिए फिल्म को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह मिली है।

फिल्म के इस रिकॉर्ड को भारतीय सिनेमा के लिए एक महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि माना जा रहा है। मेकर्स ने 37 लोगों के मोशन कैप्चर से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है।

अल्लू अर्जुन और एटली को मिला प्रमाणपत्र

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के सीनियर एडजुडिकेटर स्वप्निल डांगरिकर ने एक कार्यक्रम के दौरान अल्लू अर्जुन और फिल्म के डायरेक्टर एटली को इस उपलब्धि का प्रमाणपत्र दिया।

फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी सन पिक्चर्स ने भी सोशल मीडिया पर इस रिकॉर्ड को लेकर पोस्ट किया है। इसमें एटली और अल्लू अर्जुन प्रमाणपत्र लेते नजर आ रहे हैं।

रिकॉर्ड पर अल्लू अर्जुन ने क्या कहा?

इस उपलब्धि पर अल्लू अर्जुन ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “हमें इस असाधारण उपलब्धि पर बहुत गर्व हो रहा है। ये एक ऐसा पल है, जो सिनेमा की सीमाओं को आगे बढ़ाता है और एक नया ग्लोबल बेंचमार्क सेट करता है।”

उन्होंने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि डायरेक्टर एटली की सोच, पूरी टीम की कड़ी मेहनत और सन पिक्चर्स के अटूट समर्थन के बिना यह संभव नहीं था। अल्लू अर्जुन ने इस पल को सभी के लिए खास बताया।

2027 में रिलीज होगी ‘राका’

‘राका’ में अल्लू अर्जुन के साथ दीपिका पादुकोण नजर आने वाली हैं। यह फिल्म साल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।