दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का आवास, जिसे विपक्ष 'शीश महल' कहता रहा है, अब आम लोगों के लिए खोल दिया गया है। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इस पहल का मकसद जनता को यह बताना है कि उनके टैक्स का पैसा कहां और किस तरह खर्च किया गया।
प्रवेश वर्मा के मुताबिक, इस आवास पर करदाताओं का पैसा लगाया गया है, इसलिए सरकार की जिम्मेदारी है कि वह एक-एक रुपये का हिसाब जनता के सामने रखे। उन्होंने कहा कि हर सरकार को खर्च का विवरण लोगों के साथ साझा करना चाहिए। इसी सोच के तहत इस जगह को दिल्ली के लोगों के लिए खोलने का फैसला किया गया है।
फिलहाल मीडिया को यहां आने के लिए आमंत्रित किया गया था। मंत्री ने बताया कि जल्द ही आम लोग भी इस आवास को देखने आ सकेंगे। परियोजना के लिए खरीदी गई वस्तुओं का विवरण भी उपलब्ध कराया गया है।
प्रवेश वर्मा ने क्यों खोला 'शीश महल'?
पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य किसी खर्च को छिपाने के बजाय जनता को उसकी पूरी जानकारी देना है। उनका कहना है कि जब किसी परियोजना में सरकारी खजाने से पैसा लगाया जाता है, तो लोगों को यह जानने का अधिकार है कि रकम किन चीजों पर खर्च हुई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इसी उद्देश्य से पूर्व मुख्यमंत्री के आवास को लोगों के लिए खोला गया है। सरकार चाहती है कि दिल्ली के लोग खुद इस जगह को देखें और परियोजना से जुड़ी खरीदी गई वस्तुओं का विवरण भी जान सकें।
कोविड के दौरान सत्येंद्र जैन पर भी लगाए आरोप
प्रवेश वर्मा ने कोविड-19 महामारी के दौरान दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी पूर्व पीडब्ल्यूडी मंत्री सत्येंद्र जैन पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि महामारी के दौरान दिल्ली में 22,000 मौतें हुई थीं।
वर्मा के मुताबिक, उस समय सत्येंद्र जैन ने अस्पताल बनाने या दवाएं खरीदने के लिए कोई प्रस्ताव नहीं दिया था। उन्होंने यह भी कहा कि उस दौर में श्मशान घाटों पर लकड़ी और जगह की भारी कमी हो गई थी।
कैग रिपोर्ट में 342 फीसदी बढ़ी लागत का जिक्र
'शीश महल' के निर्माण और इंटीरियर पर हुए खर्च को लेकर कैग रिपोर्ट में भी कई अहम आंकड़े सामने आए थे। दिल्ली विधानसभा में पेश रिपोर्ट के मुताबिक, काम की लागत शुरुआती अनुमान से 342 फीसदी ज्यादा बढ़कर 33.66 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी।
रिपोर्ट में बताया गया कि कुल खर्च में से 18.88 करोड़ रुपये सुपीरियर स्पेसिफिकेशन, आर्टिस्टिक और एंटीक इंटीरियर पर खर्च किए गए।
इसी खर्च को लेकर विपक्ष ने इस बंगले को 'शीश महल' नाम दिया था। अब दिल्ली सरकार ने इसे जनता के लिए खोलने का फैसला किया है और मंत्री प्रवेश वर्मा इसे करदाताओं के पैसे का हिसाब देने की पहल बता रहे हैं।