जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को जम्मू के भगवती नगर स्थित यात्री निवास का दौरा किया और श्री अमरनाथ यात्रा-2026 से पहले तीर्थयात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
उपराज्यपाल ने रसद, आवास, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाएं, हेल्प डेस्क, स्वच्छता, बिजली और पानी की आपूर्ति, आपातकालीन और अन्य आवश्यक सेवाओं और सुविधाओं का जायजा लिया, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित हो सके।
उपराज्यपाल ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को सुचारू रूप से संभालने के लिए मानव संसाधन प्रबंधन को बढ़ाने का निर्देश दिया।
कठुआ पहुंचा पहला जत्था
जम्मू कश्मीर में कठुआ के लखनपुर यात्री सुविधा केंद्र पर बुधवार को पवित्र अमरनाथ गुफा जाने वाले यात्रियों के पहले जत्थे का आगमन हुआ, जिसके साथ कठुआ से होकर तीर्थयात्रा का शुभारंभ हुआ।
बाद में,लखनपुर से तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सुरक्षा व्यवस्था के साथ तीर्थयात्री जम्मू बेस कैंप की ओर बढ़े, जहां से 2 जुलाई की सुबह यात्रा शुरू होने वाली है।
अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से 28 अगस्त तक निर्धारित है और इसमें देश भर से श्रद्धालु दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में स्थित पवित्र गुफा मंदिर की तीर्थयात्रा करेंगे।
सांबा में पहले जत्थे का स्वागत
सांबा जिला प्रशासन ने बुधवार को ताप्याल में श्री अमरनाथ यात्रा 2026 के पहले जत्थे का गर्मजोशी और पारंपरिक स्वागत किया, जिसके साथ जिले में वार्षिक तीर्थयात्रा का शुभारंभ हुआ।
तीर्थयात्रियों ने व्यवस्थाओं की सराहना की और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, सांबा जिला प्रशासन और श्री अमरनाथ जी तीर्थ बोर्ड को उपलब्ध कराई गई सुविधाओं के लिए आभार व्यक्त किया।