‘भूत बंगला’ में बड़ा ट्विस्ट, विलेन का चेहरा बना सबसे बड़ा सरप्राइज

‘भूत बंगला’ में बड़ा ट्विस्ट, विलेन का चेहरा बना सबसे बड़ा सरप्राइज

अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी एक बार फिर फिल्म ‘भूत बंगला’ के जरिए बड़े पर्दे पर धमाल मचा रही है। यह फिल्म हॉरर और कॉमेडी का मिश्रण है, जिसमें दर्शकों को डर और हंसी दोनों का अनुभव मिल रहा है। रिलीज के बाद से ही फिल्म और इसके रहस्यमयी विलेन ‘वधुसुर’ को लेकर काफी चर्चा हो रही है। ट्रेलर के बाद से दर्शक यह जानने को उत्सुक थे कि आखिर इस खौफनाक किरदार के पीछे असली चेहरा कौन है, और फिल्म में यह बड़ा राज खुलकर सामने आता है।

फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसका ट्विस्ट है, जिसमें असली विलेन खुद अक्षय कुमार ही निकलते हैं। कहानी में अक्षय कुमार का डबल रोल दिखाया गया है। एक तरफ वह ‘अर्जुन आचार्य’ के रूप में कॉमेडी और हल्के-फुल्के अंदाज में नजर आते हैं, वहीं दूसरी ओर अपने पिता ‘माधव’ के किरदार में वह पूरी तरह नकारात्मक और डरावने रूप में दिखाई देते हैं। कहानी के अनुसार माधव ही ‘वधुसुर’ नाम के राक्षस की शक्तियों को नियंत्रित करता है और गांव में हो रहे आतंक के पीछे वही असली मास्टरमाइंड होता है। पर्दे पर राक्षस को एक एनिमेटेड डरावने रूप में दिखाया गया है, लेकिन उसकी असली ताकत और नियंत्रण माधव के पास होता है।

फिल्म में अभिनेत्री वामिका गब्बी भी अहम भूमिका में नजर आती हैं। वह डबल रोल में दो जुड़वां बहनों का किरदार निभा रही हैं। कहानी में बड़ा भावनात्मक मोड़ तब आता है जब ‘वधुसुर’ एक बहन को अपना शिकार बना लेता है। इसके बाद दूसरी बहन अपनी बहन की मौत का बदला लेने और इस रहस्यमयी महल का सच जानने के लिए खतरनाक सफर पर निकल पड़ती है। वामिका ने दोनों किरदारों को अलग-अलग अंदाज में पेश किया है।

इसके अलावा फिल्म में दिग्गज अभिनेत्री तब्बू भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, जो कहानी को और गहराई देती हैं। कॉमेडी का तड़का परेश रावल, राजपाल यादव और असरानी जैसे कलाकारों ने लगाया है, जिससे फिल्म में डर के साथ-साथ भरपूर हंसी भी देखने को मिलती है।

यह फिल्म करीब 19 साल बाद अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की हॉरर-कॉमेडी जोड़ी को फिर से साथ लाती है। इससे पहले दोनों ने ‘भूल भुलैया’ जैसी हिट फिल्म दी थी, जिसने दर्शकों को खूब पसंद किया था। हालांकि बीच में उनकी कुछ फिल्में उतनी सफल नहीं रहीं, लेकिन ‘भूत बंगला’ के साथ यह जोड़ी एक बार फिर मजबूत वापसी करती दिख रही है।

फिल्म के सस्पेंस और ट्विस्ट को लेकर दर्शकों में अभी भी उत्सुकता बनी हुई है। अब देखना यह है कि अक्षय कुमार का यह डबल और नेगेटिव रोल दर्शकों को कितना प्रभावित करता है और क्या यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल कर पाती है या नहीं।