हाइलाइट्स
• छठ पूजा करने पर ट्रोल हुईं अक्षरा सिंह ने आलोचकों को दिया जवाब।
• बोलीं- कुंवारा लड़का छठ कर सकता है तो कुंवारी लड़की क्यों नहीं?
• अक्षरा ने आस्था पर सवाल उठाने वालों के दोहरे मापदंड पर उठाई आवाज।
भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह छठ पूजा को लेकर सोशल मीडिया पर हुई ट्रोलिंग के बाद आलोचकों को जवाब दिया है। पूजा के दौरान पानी में खड़े होकर अर्घ्य देने और नारंगी सिंदूर लगाने के उनके वीडियो सामने आए थे। इसके बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके अविवाहित होने को लेकर सवाल उठाए, तो कुछ ने इसे प्रचार का तरीका बताया।
इन प्रतिक्रियाओं पर अक्षरा सिंह ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि छठ पूजा जैसे पवित्र पर्व को भी लोगों ने किसी की आस्था पर सवाल उठाने का जरिया बना लिया है। अभिनेत्री ने लड़के और लड़की के लिए अलग-अलग मापदंड अपनाने पर भी सवाल खड़े किए।
अक्षरा सिंह ने दोहरे मापदंड पर उठाए सवाल
सोमवार शाम, 16 नवंबर को अक्षरा सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर आलोचकों को जवाब दिया। उन्होंने लिखा, 'मैंने छठी मैया को अर्घ्य दिया और कुछ लोगों ने मेरे ब्याह की चिंता का अर्घ्य दे दिया। एक सवाल मेरा भी है - अगर कुंवारा लड़का छठ कर सकता है तो कुंवारी लड़की क्यों नहीं? कोई तर्क है तो बताइए, मैं जरूर। सुनुंगी।'
इस पोस्ट के जरिए अक्षरा ने सवाल किया कि अगर अविवाहित पुरुष छठ पूजा कर सकते हैं, तो अविवाहित महिलाओं को लेकर आपत्ति क्यों जताई जा रही है।
अपनी आस्था के लिए किसी की मंजूरी की जरूरत नहीं: अक्षरा
अक्षरा सिंह ने अपने आलोचकों को जवाब देते हुए कहा कि उनकी आस्था पर सवाल उठाने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने साफ किया कि उनकी श्रद्धा उनके और छठी मैया के बीच का विषय है। इसके लिए उन्हें किसी की अनुमति या मंजूरी की जरूरत नहीं है।
पवन सिंह ने अक्षरा सिंह से मांगी थी माफी
अक्षरा सिंह हाल ही में मुंगेर के दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान भी चर्चा में आई थीं। यहां पवन सिंह ने उनके प्रति अपनापन जताते हुए पुरानी बातों के लिए माफी मांगी थी।
पवन सिंह ने कहा था, 'अक्षरा सिंह मेरा बाबू है, मेरा बच्चा है।' उन्होंने अक्षरा के माता-पिता के प्रति सम्मान जताते हुए उनसे भी माफी मांगने की बात कही थी। इस दौरान उन्होंने दर्शकों से यह भी पूछा था कि कौन दोनों की जोड़ी को फिर से साथ देखना चाहता है। पवन सिंह का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इसके बाद उनकी पत्नी ज्योति ने नाराजगी जाहिर की थी।
अक्षरा सिंह का वर्क फ्रंट
काम की बात करें तो भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह को आखिरी बार फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' के गाने 'घिस घिस घिस' में अक्षय कुमार के साथ देखा गया था। इस फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, अरशद वारसी, रवीना टंडन, जैकलीन फर्नांडीज, दिशा पाटनी, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, फरीदा जलाल, लारा दत्ता, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, आफताब शिवदासानी और यशपाल शर्मा जैसे कलाकार शामिल थे।
