अमेरिका में इमिग्रेशन को लेकर सख्ती के बीच बिना किसी अभिभावक के वहां पहुंचे भारतीय बच्चों का आंकड़ा सामने आया है। अमेरिकी वित्त वर्ष 2023 से अब तक कुल 1,389 भारतीय नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। ये वे बच्चे हैं, जो अकेले अमेरिका पहुंचे थे और अब तक उन्हें भारत वापस नहीं भेजा गया है। हालांकि, बीते कुछ वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि ऐसे बच्चों की संख्या में लगातार कमी आई है।
US कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन (USCBP) के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2023 में 730 भारतीय बच्चे हिरासत में लिए गए थे। इसके बाद FY24 में यह संख्या 517, FY25 में 91 और FY26 में घटकर 51 रह गई। वहीं, अमेरिकी वित्त वर्ष 2027 के पहले महीने यानी अक्टूबर 2026 में दो भारतीय बच्चे हिरासत में लिए गए।
अकेले अमेरिका पहुंचने वाले बच्चों की संख्या में भी गिरावट
अमेरिका में बिना माता-पिता या किसी अभिभावक के पहुंचने वाले बच्चों की संख्या में गिरावट सिर्फ भारतीय नाबालिगों तक सीमित नहीं है। अलग-अलग देशों से आने वाले बच्चों के आंकड़ों में भी यही रुझान देखने को मिला है।
अमेरिकी अधिकारियों के रिकॉर्ड के अनुसार, FY24 में 1.1 लाख ऐसे बच्चे दर्ज किए गए, जो बिना किसी अभिभावक के यात्रा कर रहे थे। FY25 में यह संख्या घटकर 29,584 और FY26 में 9,190 रह गई। अक्टूबर 2026 में ऐसे 722 बच्चे रिकॉर्ड किए गए।
अमेरिका में डिपोर्टेशन की सख्ती का असर
इमिग्रेशन नेटवर्क की जानकारी रखने वाले लोगों के मुताबिक, इन आंकड़ों में गिरावट के पीछे नियमों का सख्ती से पालन और लोगों को तेजी से उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया एक वजह हो सकती है।
पहले कुछ मामलों में नाबालिगों का इस्तेमाल 'ग्रीन कार्ड दिलाने वाले' (Green Card Bringers) के तौर पर किया जाता था। इसके जरिए उनके माता-पिता या रिश्तेदारों को कानूनी दर्जा मिलने की संभावना मजबूत करने की कोशिश की जाती थी।
टेक्सास में रह रहे 17 साल के भारतीय लड़के को डिपोर्टेशन का डर
अमेरिका में रह रहे भारतीय नाबालिगों की स्थिति को गुजरात के मेहसाणा जिले के कड़ी शहर के एक व्यापारी के परिवार का मामला भी दिखाता है। व्यापारी को साल 2012 में अमेरिका से वापस भेज दिया गया था।
उन्होंने बताया कि उनका 17 साल का बेटा 12 साल की उम्र से टेक्सास में रह रहा है। अब वह अपनी 'आश्रय सुनवाई' (asylum hearings) में शामिल होने से डर रहा है। उसे आशंका है कि सुनवाई के दौरान उसे पकड़ लिया जाएगा और भारत वापस भेज दिया जाएगा।
व्यापारी के मुताबिक, उनका बेटा छिपकर एक गैस स्टेशन पर काम कर रहा है और एक धार्मिक संप्रदाय के लोगों के साथ रह रहा है।
अवैध घुसपैठ के मामलों में भारत तीसरे नंबर पर
अमेरिका में अकेले पहुंचने वाले भारतीय बच्चों की संख्या भले ही घटी है, लेकिन अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करने की कोशिश करने वाले भारतीय नागरिकों के मामले लगातार दर्ज हो रहे हैं।
अमेरिकी अधिकारियों ने वित्त वर्ष 2026 में भारतीय नागरिकों से जुड़े ऐसे 30,528 मामले दर्ज किए। 21 देशों की सूची में भारत इस मामले में मेक्सिको और कनाडा के बाद तीसरे स्थान पर रहा।
वहीं, हिरासत में लिए गए भारतीय बच्चों को बाल कल्याण और आश्रय व्यवस्था के तहत ऑफिस ऑफ रिफ्यूजी रीसेटलमेंट (ORR) की देखरेख में रखा जाता है।