• 19 साल पुराने दुकान तोड़ने के मामले में आजम खां को नोटिस
• घर पहुंची रामपुर पुलिस, अधिवक्ता के जरिए भेजा नोटिस
• जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों पर आज होगी सुनवाई
समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां से जुड़े 19 साल पुराने दुकान तोड़ने के मामले में रामपुर पुलिस ने दोबारा जांच शुरू कर दी है। पुनर्विवेचना के आदेश के बाद यह जिम्मेदारी पटवाई थाना प्रभारी पवन शर्मा को सौंपी गई है। इसी सिलसिले में पुलिस रविवार को आजम खां के घर नोटिस तामील कराने पहुंची, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद नोटिस उनके अधिवक्ता के जरिए भेज दिया गया।
यह मामला वर्ष 2007 का है। उस समय रामपुर के गंज थाना क्षेत्र के शहरी इलाके में एक दुकान तोड़े जाने का मामला सामने आया था। इस केस में आजम खां को भी आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने उस समय मामले की जांच की थी और विवेचना पूरी होने के बाद अंतिम रिपोर्ट (एफआर) लगा दी गई थी। अब पुनर्विवेचना के आदेश के बाद मामले की जांच फिर शुरू की गई है।
जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण मामले में भी सुनवाई
आजम खां से जुड़े मामलों के बीच जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण आदेश के खिलाफ दायर याचिका पर भी 23 नवंबर को सुनवाई होनी है। यह सुनवाई मंडलायुक्त कोर्ट में याचिका के अंगीकरण को लेकर होगी।
इससे पहले 22 अक्तूबर को यूनिवर्सिटी के अधिवक्ता ने अदालत में कहा था कि जिलाधिकारी रामपुर की ओर से अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। इसके साथ ही यूनिवर्सिटी के 17 भवनों के मानचित्र कोर्ट में पेश किए गए थे।
40 में से 38 भवनों को अवैध मानकर जारी हुआ था आदेश
इस मामले में जिलाधिकारी एवं आरडीए उपाध्यक्ष अजय कुमार द्विवेदी ने 15 जुलाई 2026 को आदेश जारी किया था। इसमें जौहर यूनिवर्सिटी के कुल 40 भवनों में से 38 को अवैध मानते हुए उनके ध्वस्तीकरण के निर्देश दिए गए थे।
जौहर यूनिवर्सिटी और ट्रस्ट की ओर से इस आदेश को मंडलायुक्त कोर्ट में चुनौती दी गई है। मामले की सुनवाई के लिए मंडलायुक्त न्यायालय ने 23 नवंबर 2026 की तारीख तय की थी। अब इस दिन याचिका के अंगीकरण पर सुनवाई होगी।
We may use cookies or any other tracking technologies when you visit our website, including any other media form, mobile website, or mobile application related or connected to help customize the Site and improve your experience.
learn more