Virat Kohli Birthday Special: भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने अपने शानदार प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक अलग पहचान बनाई है। 2008 में टीम इंडिया के लिए डेब्यू करने वाले कोहली ने टेस्ट, वनडे, टी20 इंटरनेशनल और आईपीएल में कई ऐसे रिकॉर्ड बनाए हैं, जो उनकी बल्लेबाजी की क्षमता को दर्शाते हैं। आज उनके 38वें जन्मदिन के मौके पर नजर डालते हैं उनके नाम दर्ज 10 बड़े विश्व रिकॉर्ड पर।
1. टेस्ट में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा दोहरे शतक
विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे होने से पहले ही इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। हालांकि, कप्तान के रूप में उनके नाम सबसे ज्यादा 7 दोहरे शतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है। वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा ने भी कप्तान रहते हुए 7 दोहरे शतक बनाए थे।
2. वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक
वनडे इंटरनेशनल में सबसे अधिक शतक लगाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। उन्होंने इस फॉर्मेट में अब तक 55 शतक लगाए हैं। साल 2023 में कोहली ने सचिन तेंदुलकर के 49 वनडे शतकों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया था।
3. एक वनडे विश्व कप में सबसे ज्यादा रन
विराट कोहली के नाम एक विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड भी है। 2023 में भारत की मेजबानी में खेले गए वनडे विश्व कप में उन्होंने 11 मैचों में 765 रन बनाए थे। उनका यह प्रदर्शन उन्हें इस रिकॉर्ड का शीर्ष बल्लेबाज बनाता है।
4. एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक
किसी एक टीम के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी विराट कोहली के नाम है। उन्होंने श्रीलंका और वेस्टइंडीज, दोनों के खिलाफ 10-10 शतक बनाए हैं।
5. सबसे तेज 10 हजार वनडे रन
वनडे क्रिकेट में 10 हजार रन का आंकड़ा सबसे कम पारियों में छूने का कारनामा विराट कोहली ने किया है। 2008 में वनडे डेब्यू करने वाले कोहली ने 2018 में अपनी 205वीं पारी में यह उपलब्धि हासिल की थी। वहीं, रोहित शर्मा को इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए 241 पारियां खेलनी पड़ी थीं।
6. टी20 इंटरनेशनल में सबसे बेहतरीन औसत
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट कोहली का बल्लेबाजी औसत 48.69 रहा है। उन्होंने अपने 125 मैचों के करियर में कुल 4188 रन बनाए। साल 2010 में इस फॉर्मेट में पदार्पण करने वाले विराट ने 2024 में टी20 इंटरनेशनल से संन्यास लिया था।
7. सबसे तेज 4000 टी20 इंटरनेशनल रन
टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज 4000 रन बनाने का रिकॉर्ड भी विराट कोहली के नाम है। उन्होंने अपनी 107वीं पारी में यह मुकाम हासिल किया था। पाकिस्तान के बाबर आजम ने 4000 रन पूरे करने के लिए 112 पारियां खेली थीं।
8. इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड
विराट कोहली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीतने का रिकॉर्ड बनाया है। उनके नाम टेस्ट में 3, वनडे में 12 और टी20 इंटरनेशनल में 7 अवॉर्ड दर्ज हैं। इस तरह वह कुल 22 बार यह सम्मान हासिल कर चुके हैं।
9. IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन
इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। उन्होंने 2016 के आईपीएल सीजन में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 974 रन बनाए थे। उनका यह रिकॉर्ड अब तक कायम है।
10. IPL में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
विराट कोहली आईपीएल में भी रनों के मामले में सबसे आगे हैं। उन्होंने 2008 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए डेब्यू किया था और अपने आईपीएल करियर के सभी सीजन इसी फ्रेंचाइजी के साथ खेले हैं। अब तक 283 मैचों में उनके नाम 9336 रन दर्ज हैं। वहीं, आईपीएल में कोई दूसरा बल्लेबाज अभी तक 7500 रन के आंकड़े तक भी नहीं पहुंचा है।