ZIM-W vs WI-W 1st ODI: हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में वेस्टइंडीज महिला टीम की कप्तान हेली मैथ्यूज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए रिकॉर्ड बना दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज के लिए मैथ्यूज ने 156 गेंदों में 182 रन की पारी खेली। यह महिला वनडे इंटरनेशनल में वेस्टइंडीज की किसी बल्लेबाज का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
26 चौके और 2 छक्कों से सजी पारी
ओपनिंग करने उतरी हेली मैथ्यूज ने शुरुआत से ही तेज बल्लेबाजी की। उन्होंने 116.66 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए और अपनी पारी में 26 चौके तथा 2 छक्के लगाए।
मैथ्यूज ने तीन अंकों का आंकड़ा पार करते ही वनडे करियर का 13वां शतक पूरा किया। इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट को मिलाकर यह उनका 16वां शतक है।
वेस्टइंडीज ने बनाए 299 रन
हेली मैथ्यूज की 182 रन की पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 299 रन बनाए। ओपनर रियलन्ना ग्रिमोंड ने भी उनका अच्छा साथ दिया।
ग्रिमोंड ने 70 गेंदों पर 7 चौकों और 1 छक्के की मदद से 53 रन बनाए। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 128 रन की साझेदारी हुई। इनके अलावा वेस्टइंडीज की कोई भी बल्लेबाज 20 रन तक नहीं पहुंच सकी।
हेली मैथ्यूज का इंटरनेशनल करियर
हेली मैथ्यूज ने वेस्टइंडीज के लिए अब तक 109 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 37.48 की औसत से 3748 रन बनाए हैं। उनके नाम 13 वनडे शतक और 8 अर्धशतक हैं।
वहीं, 127 टी20 मैचों में मैथ्यूज ने 3382 रन बनाए हैं। टी20 इंटरनेशनल में भी उनके नाम 3 शतक दर्ज हैं।