संसद में महिला आरक्षण बिल पेश होने पर विश्वनाथ धाम में नारी शक्ति की उतारी आरती

Authored By: News Corridors Desk | 16 Apr 2026, 03:28 PM
news-banner

वाराणसी। महिलाओं को आरक्षण देने के लिए संशोधन विधेयक संसद में पेश किये जाने के मौके पर गुरुवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में भारत माता की प्रतिमा के सामने नारी शक्ति का सम्मान किया गया और उनकी आरती उतारी गयी।

नमामि गंगे ने श्री काशी विश्वनाथ धाम में प्रतिष्ठित भारत माता के सम्मुख नारी शक्ति की आरती उतार कर सम्मान किया। गंगा द्वार पर नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व कर रहीं प्रकृति की देवी मां गंगा की आरती उतारकर नारी शक्ति का आदर किया ।इस मौके पर सम्मान स्वरूप महिलाओं को अंगवस्त्रम और पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिगत तुलसी के पौधे भेंट किए गए। 

इस दौरान काशी विश्वनाथ का धाम माता पार्वती , माता अन्नपूर्णा और नारी शक्ति के जय घोष से गूंज उठा। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण विधेयक) भारत में महिलाओं के सशक्तिकरण और राजनीति में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। यह कानून संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करता है। 'नारी शक्ति' को नीति-निर्माण के केंद्र में लाने और लैंगिक समानता सुनिश्चित करने की दिशा में यह एक क्रांतिकारी निर्णय है।