- वाराणसी से रात 8:50 बजे रवाना होगी वंदे भारत स्लीपर
- सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी ट्रेन
- वापसी में नई दिल्ली से रात 9:40 बजे होगा प्रस्थान
- प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद में ठहराव
- सप्ताह में छह दिन संचालन की योजना
|
Varanasi New Delhi Vande Bharat Sleeper Express: वाराणसी और नई दिल्ली के बीच प्रस्तावित वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस की समय सारिणी रेल मंत्रालय ने जारी कर दी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, गाड़ी संख्या 27421 वाराणसी जंक्शन से रात 8:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 27422 नई दिल्ली से रात 9:40 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन का संचालन सप्ताह में छह दिन करने की योजना है।
रेल मंत्रालय ने इस ट्रेन के संचालन को मंजूरी दी है। रेलवे बोर्ड के निदेशक (कोचिंग) संजय आर. नीलम की ओर से संबंधित क्षेत्रीय रेलवे को निर्देश जारी किए गए हैं। हालांकि, नियमित परिचालन की शुरुआत और उद्घाटन से संबंधित कार्यक्रम की अंतिम आधिकारिक पुष्टि के बाद ही यात्रियों को यात्रा की तारीख तय करनी चाहिए।
31 अक्टूबर को उद्घाटन की तैयारी
जानकारी के अनुसार, नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की रैक रायबरेली स्थित कोच फैक्ट्री से वाराणसी पहुंची है। इसका उद्घाटन 31 अक्टूबर को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के हाथों किए जाने का प्रस्ताव है। आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की भी चर्चा है।
इसी दिन वंदे भारत स्लीपर के साथ दो मेमू समेत तीन अन्य ट्रेनों को भी शुरू करने की तैयारी की जानकारी दी गई है। इन कार्यक्रमों की आधिकारिक पुष्टि होने पर संचालन से जुड़ी स्थिति और स्पष्ट होगी।
वाराणसी से दिल्ली तक इन स्टेशनों पर ठहराव
वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद में रुकेगी। वापसी में भी यही प्रमुख ठहराव निर्धारित किए गए हैं।
वाराणसी में होगा प्राथमिक अनुरक्षण
रेलवे के निर्देश के मुताबिक, ट्रेन का प्राथमिक अनुरक्षण वाराणसी जंक्शन पर किया जाएगा, जबकि सेकेंडरी अनुरक्षण नई दिल्ली स्टेशन पर होगा। प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल में ट्रेन में पानी भरने की व्यवस्था की जाएगी।
वाराणसी से नई दिल्ली का समय
वाराणसी जंक्शन: रात 8:50 बजे प्रस्थान
प्रयागराज: रात 10:35 से 10:40 बजे
कानपुर सेंट्रल: रात 12:40 से 12:45 बजे
अलीगढ़: सुबह 3:55 से 3:57 बजे
गाजियाबाद: सुबह 5:25 से 5:27 बजे
नई दिल्ली: सुबह 6:10 बजे आगमन
नई दिल्ली से वाराणसी का समय
नई दिल्ली: रात 9:40 बजे प्रस्थान
गाजियाबाद: रात 10:13 से 10:15 बजे
अलीगढ़: रात 11:20 से 11:22 बजे
कानपुर सेंट्रल: सुबह 2:45 से 2:50 बजे
प्रयागराज: सुबह 5:05 से 5:10 बजे
वाराणसी जंक्शन: सुबह 7:10 बजे आगमन