शेखा झील पक्षी अभयारण्य बना भारत का 99वां रामसर स्थल, उत्तर प्रदेश में संख्या बढ़कर 12 हुई

Date: 2026-04-22
news-banner

लखनऊ/ दिल्ली। केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ स्थित शेखा झील पक्षी अभयारण्य को रामसर स्थल घोषित किया , जिससे भारत में ऐसे अभयारण्यों की कुल संख्या 99 और राज्य में 12 हो गई है।

यादव ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी देते हुए लिखा- “उत्तर प्रदेश ने देशभर के इस आंकड़ें को 99 तक ले जाने का श्रेय प्राप्‍त कर लिया है! शेखा झील पक्षी अभयारण्य (अलीगढ़, उत्तर प्रदेश) को रामसर स्थल घोषित करते हुए मुझे बेहद प्रसन्‍नता का अनुभव हो रहा है।”

उन्होंने कहा कि इस घोषणा से स्थानीय आजीविका और वैश्विक जैव विविधता के साथ-साथ जल और जलवायु सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा और यह “भारत की 99वीं वर्षगांठ” का प्रतीक है, जो हमें ऐतिहासिक शताब्दी के और निकट ले जाता है।

स्थल के पारिस्थितिक महत्व का उल्‍लेख करते हुए श्री यादव ने कहा कि शेखा झील मध्य एशियाई फ्लाईवे पर एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो सर्दियों के मौसम में हंस, पेंटेड स्टॉर्क और विभिन्न प्रकार की बत्तखों जैसे प्रवासी पक्षियों के लिए एक महत्वपूर्ण पर्यावास प्रदान करती है। 

मुख्यमंत्री योगी ने दी बधाई

शेखा झील पक्षी अभयारण्य को रामसर स्थल घोषित किए जाने का स्वागत करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप 'नया उत्तर प्रदेश' पर्यावरण एवं जैव-विविधता के संरक्षण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

प्रदेशवासियों को इसके लिए बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश का यह 12वां रामसर साइट पारिस्थितिकी संतुलन को सुदृढ़ करने के साथ ही स्थानीय स्तर पर आजीविका को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

Leave Your Comments