छात्रों की गूंज’ पर संशय, काँग्रेस बोली नहीं होगा कैंसिल

छात्रों की गूंज’ पर संशय, काँग्रेस बोली नहीं होगा कैंसिल

काँग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रयागराज में प्रस्तावित  ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर पार्टी ने आरोप लगाया है कि यूपी की BJP सरकार इस कार्यक्रम को रद्द कराने की कोशिश कर रही है।

इस मामले को लेकर राहुल गांधी ने X पर लिखा, “जब मैंने छात्रों की बात को सुनने के लिए प्रयागराज आने का फैसला किया, तब से प्रशासन मेरे कार्यक्रम को हर संभव तरीके से रोकने की कोशिश कर रहा है।  साफ़ है, उन्हें छात्रों की गूंज से भी डर लग रहा है।”

काँग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेन्द्र पाल ने कहा, “हम 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को नियम-कानून के अंतर्गत ही आयोजित कर रहे हैं, सभी जरूरी परमिशन ले रहे हैं। इसके बाद भी यूपी की BJP सरकार इस कार्यक्रम को रद्द कराने की कोशिश कर रही है।”

काँग्रेस ने इस बयान को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा है कि छात्रों की गूंज' कार्यक्रम रद्द नहीं होगा।

काँग्रेस क प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि प्रयागराज में जहां ये छात्र संवाद होना था, वहां की अनुमति देने के बाद अब उसे कैंसिल किया जा रहा है।

दूसरी तरफ़ जिस केपी कॉलेज के मैदान में राहुल गांधी का कार्यक्रम प्रस्तावित है उसकी नियंत्रक संस्था कायस्थ पाठशाला का एक पत्र सामने आया है जो प्रयागराज के शहर काँग्रेस कमेटी अध्यक्ष को संबोधित है। इस पत्र में कहा गया है कि पूर्व प्रदत्त अनुमति निरस्त की जाती है और पार्टी इस संबंध में जमा धनराशि कार्यालय से प्राप्त कर सकती है।