मुंबई में शनिवार को आयोजित 'ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026' में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की परफॉर्मेंस के दौरान एक ऐसा वाकया हुआ, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। अभिनेता मंच पर डांस कर रहे थे, तभी अचानक एक कुत्ता वहां पहुंच गया। हालांकि, टाइगर ने अपना प्रदर्शन नहीं रोका और पूरे सहज अंदाज में डांस जारी रखा। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
'देवा श्री गणेशा' पर डांस कर रहे थे टाइगर श्रॉफ
कार्यक्रम के दौरान टाइगर श्रॉफ पारंपरिक पोशाक में 2012 की फिल्म 'अग्निपथ' के गाने 'देवा श्री गणेशा' पर प्रस्तुति दे रहे थे। इसी बीच एक कुत्ता मंच पर आ गया। वीडियो में दिखाई देता है कि कुत्ता कुछ देर मंच पर रहने के बाद आराम से सीढ़ियों से नीचे उतर जाता है।
इस दौरान टाइगर श्रॉफ ने अपना डांस जारी रखा और कुत्ते की ओर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। अभिनेता के इसी सहज रिएक्शन को सोशल मीडिया पर काफी देखा जा रहा है।
18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई थी गोलीबारी
इस कार्यक्रम में टाइगर श्रॉफ की मौजूदगी इसलिए भी खास रही, क्योंकि 18 अक्टूबर को मुंबई में उनकी कार पर गोलीबारी हुई थी। जानकारी के मुताबिक, अभिनेता फुटबॉल ग्राउंड से अपने घर लौट रहे थे, तभी कुछ अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर गोलियां चलाई थीं।
इस घटना में टाइगर को मामूली चोटें आई थीं, जबकि उनकी कार का साइड मिरर क्षतिग्रस्त हो गया था। इस घटना के बाद 'ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026' में उनकी यह पहली सार्वजनिक प्रस्तुति थी।
क्या है ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026?
'ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026' का आयोजन बैंकर और सामाजिक कार्यकर्ता अमृता फडणवीस के एनजीओ की ओर से किया गया था। यह वार्षिक कार्यक्रम आतंकवाद के पीड़ितों और नायकों को श्रद्धांजलि देने के साथ शांति, साहस और मानवता के लिए काम करने वाले लोगों को सम्मानित करता है।
इस आयोजन में सिनेमा, खेल और सार्वजनिक जीवन से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियों ने हिस्सा लिया। इनमें शाहरुख खान, अक्षय कुमार, रणवीर सिंह, विक्रांत मैसी और पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर शामिल थे।
कार्यक्रम का मुख्य विषय एकता और यादें संजोना था। इस दौरान टाइगर श्रॉफ की परफॉर्मेंस के बीच मंच पर कुत्ते के पहुंचने वाला पल भी चर्चा में आ गया।