सूरत: रेलवे स्टेशन पर मिलने वाले पफ, पेटीज और दूसरे स्नैक्स को लेकर यात्रियों की चिंता बढ़ाने वाला एक वीडियो सामने आया है। सूरत रेलवे स्टेशन के एक टी-स्टॉल पर रखे पेटीज के बॉक्स में एक चूहा घुसा दिखाई दिया, जो वहां रखी पेटीज को कुतरता नजर आया। 29 अगस्त की सुबह एक यात्री ने इस पूरे नजारे को कैमरे में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसके बाद वीडियो वायरल हो गया।
पेटीज के बॉक्स में बैठा दिखा चूहा
वायरल वीडियो में रेलवे स्टेशन के एक टी-स्टॉल के कांच वाले डिस्प्ले काउंटर के अंदर पेटीज का बॉक्स रखा दिखाई देता है। इसी बॉक्स में एक चूहा बैठा हुआ नजर आता है, जो पेटीज खाता दिख रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर रेलवे स्टेशन पर मिलने वाले खाने की साफ-सफाई और यात्रियों की सेहत को लेकर सवाल उठने लगे।
वीडियो वायरल होते ही रेलवे ने लिया एक्शन
मामला सामने आने के बाद रेलवे ने संबंधित टी-स्टॉल पर कार्रवाई की। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रेलवे के कमर्शियल डिपार्टमेंट ने स्टॉल को तुरंत बंद करा दिया और उसके संचालक के खिलाफ कानूनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों के मुताबिक, स्टॉल का कॉन्ट्रैक्ट हमेशा के लिए रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
सफाई अभियान के बीच सामने आया मामला
यह घटना उस समय सामने आई है जब पश्चिमी रेलवे की ओर से सूरत और उधना रेलवे स्टेशनों के फूड स्टॉल्स पर डीप-क्लीनिंग और सैनिटाइजेशन ड्राइव चलाया जा रहा था। दी गई जानकारी के अनुसार, इसी अभियान के तहत 16 अगस्त को स्टेशन पर पेस्ट और रोडेंट कंट्रोल भी कराया गया था। इसके बावजूद फूड स्टॉल पर चूहे का वीडियो सामने आने के बाद सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
सोशल मीडिया पर यात्रियों ने उठाए सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद यात्रियों और सोशल मीडिया यूजर्स ने रेलवे स्टेशन पर मिलने वाले खाने की हाइजीन को लेकर नाराजगी जताई। कई लोगों ने सवाल उठाया कि अगर खाद्य सामग्री के बीच इस तरह चूहा दिखाई दे रहा है, तो यात्रियों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। कुछ यूजर्स ने लापरवाही बरतने वाले वेंडर्स पर भारी जुर्माने और सख्त कार्रवाई की मांग भी की। यह वीडियो Ghar ke kalesh नाम के एक्स अकाउंट से शेयर किया गया है।