Supreme Court on NDPS Cases: नशे के मामलों में देरी पर SC की सख्ती, केंद्र-राज्यों से जवाब तलब

Supreme Court on NDPS Cases: नशे के मामलों में देरी पर SC की सख्ती, केंद्र-राज्यों से जवाब तलब
हाइलाइट्स
• सुप्रीम कोर्ट ने 449 विशेष NDPS अदालतों पर नई स्टेटस रिपोर्ट मांगी।
• केंद्र के मुताबिक, 176 विशेष अदालतें पहले से काम कर रही हैं।
• बाकी अदालतों को जल्द शुरू करने के लिए बुनियादी ढांचा और स्टाफ तैयार करने का निर्देश।

नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों की बढ़ती संख्या और लंबित मुकदमों के जल्द निपटारे को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और राज्य सरकारों से जवाब मांगा है। अदालत ने एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर अपराधों की सुनवाई के लिए देशभर में 449 विशेष अदालतें स्थापित करने की दिशा में हुई प्रगति पर नई स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है। केंद्र सरकार के हलफनामे के मुताबिक, इन 449 अदालतों में से 176 पहले से काम कर रही हैं।

सोमवार को जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने इस मामले की सुनवाई की। केंद्र की ओर से पेश एडिशनल सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने बताया कि विशेष अदालतों की स्थापना को लेकर सुप्रीम कोर्ट के पिछले निर्देशों के बावजूद अब तक खास प्रगति नहीं हुई है।

सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई दिसंबर तक टाली

सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्य बागची ने कहा कि इस मामले पर तीन जजों की बेंच को सुनवाई करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत फिलहाल सुनवाई के लिए उपलब्ध नहीं हैं।

इसके बाद पीठ ने स्वतः संज्ञान वाले इस मामले की सुनवाई कुछ हफ्तों के लिए टाल दी। अदालत ने संकेत दिया कि दिसंबर में सर्दियों की छुट्टियों से पहले इस पर सुनवाई हो सकती है। यह मामला एनआईए एक्ट और नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत दर्ज मामलों की तेजी से सुनवाई के लिए विशेष अदालतें स्थापित करने से जुड़ा है।

449 विशेष अदालतों में से 176 पहले से कर रही हैं काम

सुप्रीम कोर्ट ने 7 सितंबर को केंद्र, राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासनों को विशेष अदालतों की स्थापना की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया था। अदालत ने कोशिश करने को कहा था कि ये अदालतें छह सप्ताह के भीतर स्थापित हो जाएं। केंद्र सरकार की ओर से दाखिल हलफनामे में बताया गया था कि देशभर में लंबित मुकदमों की संख्या को देखते हुए 449 विशेष एनडीपीएस अदालतों की आवश्यकता है। इनमें से 176 अदालतें पहले से काम कर रही हैं।

अदालत ने लंबित मामलों की बड़ी संख्या और एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराधों में हुई 'दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक वृद्धि' पर चिंता जताई। पीठ ने कहा कि बाकी चिन्हित अदालतों को भी जल्द स्थापित करना जरूरी है। इसके लिए केंद्र, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को जरूरी बुनियादी ढांचा तैयार करने और पर्याप्त कर्मचारियों की नियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है। अदालत ने बाकी विशेष अदालतों को जल्द से जल्द, संभव हो तो छह सप्ताह के भीतर, शुरू करने का निर्देश दिया था।

NIA एक्ट के तहत विशेष अदालतों की भी हुई समीक्षा

एनडीपीएस मामलों के साथ सुप्रीम कोर्ट ने एनआईए एक्ट, 2008 की धारा 11 के तहत मुकदमों के लिए विशेष अदालतें बनाने की प्रगति की भी समीक्षा की। इस संबंध में पीठ ने पाया कि पिछले निर्देशों का काफी हद तक पालन किया गया है। इन निर्देशों का उद्देश्य मुकदमों की रोजाना सुनवाई सुनिश्चित करना और एक साल के भीतर कार्यवाही पूरी करना था।

अदालत के अनुसार, जिन राज्यों में 10 से अधिक मामले लंबित थे, उनमें से ज्यादातर ने विशेष अदालतें स्थापित कर ली हैं। समय पर सुनवाई हो सके, इसके लिए आमतौर पर प्रत्येक अदालत को 10-12 मामले ही सौंपे गए हैं। हालांकि, पीठ ने कुछ ऐसे राज्यों की पहचान भी की है, जहां अभी अतिरिक्त विशेष अदालतों की जरूरत है। अब केंद्र, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एनडीपीएस और एनआईए एक्ट के तहत मामलों की सुनवाई के लिए अदालतों की व्यवस्था पर नई स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करनी होगी।