- भारत-ब्रिटेन के बीच व्यापार, तकनीक और एआई सहयोग पर जोर
- पीएम मोदी ने ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में मुलाकात का किया जिक्र
- पीयूष गोयल और सुनक के बीच आर्थिक सहयोग पर हुई चर्चा
|
Rishi Sunak Narendra Modi Meeting: ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें जनसेवा में 25 वर्ष पूरे करने पर बधाई दी। सुनक ने प्रधानमंत्री मोदी के समर्पण, कार्य के प्रति निष्ठा और ऊर्जा की सराहना करते हुए भारत-ब्रिटेन संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार, प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में बढ़ता सहयोग मौजूदा अनिश्चित वैश्विक परिस्थितियों में महत्वपूर्ण है।
ऋषि सुनक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री मोदी अपनी मुलाक़ात की जानकारी देते हुए तस्वीर शेयर की। दोनों नेताओं की मुलाक़ात एक कार्यक्रम के दौरान हुई। उन्होंने कहा कि मोदी के साथ काम करना उनके लिए सुखद अनुभव रहा है। सुनक ने प्रधानमंत्री के काम के प्रति समर्पण, कार्यशैली और ऊर्जा को सभी के लिए प्रेरणादायक बताया।
व्यापार, तकनीक और एआई में सहयोग बढ़ाने पर जोर
सुनक ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत और ब्रिटेन के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में दोनों देश एक-दूसरे के और करीब आएंगे।
उन्होंने कहा कि बदलती और कम अनुमानित वैश्विक परिस्थितियों में भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापार, तकनीक तथा एआई के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना बेहद महत्वपूर्ण है। सुनक के संदेश में दोनों देशों के बीच बढ़ती साझेदारी और साझा आर्थिक हितों पर विशेष जोर रहा।
पीएम मोदी ने सुनक के संदेश का दिया जवाब
ऋषि सुनक की पोस्ट का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, "आज ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में आपसे मिलकर बहुत अच्छा लगा!"
प्रधानमंत्री की यह प्रतिक्रिया ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम के दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात के संदर्भ में आई। सुनक ने अपने संदेश में मोदी के साथ पूर्व में काम करने के अनुभव का भी उल्लेख किया था।
पीयूष गोयल से भी मिले ऋषि सुनक
ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से भी मुलाकात की। गोयल ने X पर इसकी जानकारी देते हुए सुनक को अपना मित्र और ब्रिटेन का पूर्व प्रधानमंत्री बताया।
गोयल के मुताबिक, दोनों के बीच भारत-ब्रिटेन आर्थिक सहयोग को मजबूत करने और आर्थिक विकास को गति देने के मुद्दे पर सार्थक चर्चा हुई। बातचीत में व्यापार, निवेश, नवाचार और प्रौद्योगिकी साझेदारी जैसे विषय शामिल रहे।
इन मुलाकातों के दौरान भारत-ब्रिटेन संबंधों के आर्थिक और तकनीकी आयामों पर जोर दिया गया। व्यापार, निवेश और नई प्रौद्योगिकियों में सहयोग को आगे बढ़ाना दोनों देशों की साझेदारी के प्रमुख क्षेत्रों में शामिल है।