- अयोध्या में NSG की एक इकाई स्थायी रूप से तैनात की गई।
- राम मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा जारी।
- संभावित आपात स्थिति के लिए सुरक्षा अभ्यास किया जा रहा है।
- अयोध्या में NSG का हब भी बनाया जा रहा है।
|
Ayodhya Ram Mandir NSG Security: उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) की एक इकाई को अयोध्या में स्थायी रूप से तैनात किया गया है। एनएसजी कमांडो फिलहाल मंदिर परिसर में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा और मौजूदा व्यवस्था का आकलन कर रहे हैं।
24 से 29 सितंबर तक एनएसजी NSG कमांडो सुरक्षा एजेंसियों और मंदिर में तैनात वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं। इस दौरान मंदिर परिसर के अलग-अलग हिस्सों की सुरक्षा व्यवस्था को समझने के साथ संभावित आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया की तैयारियों की भी समीक्षा की जा रही है।
तीन दिनों तक मंदिर परिसर में सुरक्षा अभ्यास भी हुआ। इस अभ्यास के जरिए आकस्मिक स्थिति में सुरक्षा बलों की कार्रवाई, समन्वय और प्रतिक्रिया समय को परखा गया। कमांडो ने विभिन्न संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की कमियों और सुधार की संभावनाओं का आकलन किया।
एसपी सुरक्षा विजय शंकर मिश्र के मुताबिक़ श्रीराम मंदिर समेत अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए एनएसजी की एक इकाई को स्थायी रूप से तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल एनएसजी यूनिट NSG Unit मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण कर रही है।
अयोध्या में एनएसजी का एक हब भी बनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य जरूरत पड़ने पर शहर के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों तक एनएसजी कमांडो की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करना है। अधिकारियों के मुताबिक, अयोध्या में प्रतिदिन करीब एक लाख श्रद्धालु पहुंचते हैं, जबकि पर्व और त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों के मुकाबले पांच से दस गुना तक बढ़ जाती है।
एनएसजी की स्थायी तैनाती और प्रस्तावित हब से अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।