पहली बार भारत आए प्रिंस रहीम आगा खान, यहां क्या करेंगे ?

पहली बार भारत आए प्रिंस रहीम आगा खान, यहां क्या करेंगे ?

Prince Rahim in India: इस्माइली समुदाय के 50वें इमाम और आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क AKDN  के अध्यक्ष प्रिंस रहीम आगा खान पंचम भारत की अपनी पहली यात्रा पर नई दिल्ली पहुंच गए हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि यह यात्रा सामाजिक विकास और विरासत संरक्षण के क्षेत्र में एकेडीएन के साथ चल रहे सहयोग की समीक्षा करने तथा विकास एवं सामुदायिक पहलों में नई साझेदारी की संभावनाएं तलाशने का अवसर प्रदान करेगी। 

PM मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से होगी मुलाकात

प्रिंस रहीम आगा खान पंचम 9 से 15 सितंबर तक भारत दौरे पर हैं। अपने प्रवास के दौरान वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। उनके उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से भी मिलने का कार्यक्रम है। 

अहमदाबाद, मुंबई और हैदराबाद भी जाएंगे

दौरे के दौरान प्रिंस रहीम अहमदाबाद, मुंबई और हैदराबाद भी जाएंगे, जहां एकेडीएन विभिन्न विकास और सामुदायिक परियोजनाओं से जुड़ा हुआ है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, 50वें इमाम का पद संभालने के बाद प्रिंस रहीम आगा खान की यह भारत की पहली यात्रा है, जिसे भारत और एकेडीएन के बीच विकास, सामाजिक कल्याण तथा विरासत संरक्षण के क्षेत्र में सहयोग को नई दिशा देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।