Prayagraj Firecracker Factory Fire: मनौरी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 5 मौतें और 22 घायल

Prayagraj Firecracker Factory Fire: मनौरी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 5 मौतें और 22 घायल

प्रयागराज के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मनौरी में सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में आग लगने के बाद लगातार जोरदार धमाके हुए। धमाकों की वजह से आसपास के कई मकान क्षतिग्रस्त होकर गिर गए। हादसे में फिलहाल 5 लोगों की मौत और 22 लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के साथ मलबा हटाने का काम भी जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, आग पूरी तरह बुझने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

धुआं उठने के बाद होने लगे एक के बाद एक धमाके

बताया गया है कि मनौरी गांव निवासी आदिल के मकान में पटाखे बनाए जाते थे। यह मकान बस्ती से कुछ दूरी पर था और उसके ऊपर से बिजली के तार भी गुजरते हैं।

सोमवार दोपहर मकान से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। ग्रामीण जब मौके की ओर पहुंचे तो एक के बाद एक पटाखे फटने लगे। तेज आवाजों से आसपास के लोगों में खलबली मच गई।

बताया गया है कि धमाके करीब एक घंटे तक होते रहे। जिस मकान में आग लगी, उसके पास बूंदी कारखाने में पांच और आटा चक्की में छह लोग मौजूद थे। हादसे के बाद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया।

5 लोगों की मौत, 22 घायल

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में सबिता (35 वर्ष), प्रवीण (13 वर्ष), प्रांजली (5 वर्ष), तन्नू (17 वर्ष) और राणेशा (45 वर्ष) शामिल हैं।

वहीं 22 लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को एसआरएन अस्पताल भेजा गया है। घायलों में सात वर्षीय शीबू, 16 वर्षीय उर्वशी, पांच वर्षीय प्रियांशु और 25 वर्षीय सविता के नाम बताए गए हैं।

हालांकि पुलिस-प्रशासन के अधिकारी अभी मृतकों और घायलों के नाम की पुष्टि नहीं कर रहे हैं। संख्या बढ़ने की संभावना भी जताई गई है।

तीन मकान गिरे, चार से पांच क्षतिग्रस्त

जोरदार धमाकों के कारण तीन मकान गिर गए, जबकि चार से पांच मकान क्षतिग्रस्त होने की जानकारी है। मलबे से लोगों को बाहर निकालने का काम किया जा रहा है।

बुलडोजर की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। पूरामुफ्ती और पिपरी थाने की पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य में जुट गईं।

इसी के साथ एसीपी धूमनगंज रवि गुप्ता ने बताया कि आग बुझने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। बाद में कौशांबी के डीएम और एसपी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। एडीजी जोन ज्योति नारायण ने पांच मौतों की पुष्टि की है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।

पहले भी हो चुका है पटाखा फैक्ट्री हादसा

जानकारी के मुताबिक, कुछ साल पहले भरवारी में भी पटाखा फैक्ट्री में आग लगी थी। उस हादसे में तीन लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे।

मनौरी की घटना के बाद पुलिस-प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और आग बुझाने तथा मलबा हटाने का काम जारी है।