परीक्षा सुधार पर नीलेकणि की अगुवाई में हाईलेवल टास्क फोर्स

परीक्षा सुधार पर नीलेकणि की अगुवाई में हाईलेवल टास्क फोर्स

NEET UG परीक्षा पेपर लीक के ख़िलाफ़ हालिया आंदोलन के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की शुचिता को लेकर ताबड़तोड़ फैसलों के क्रम में प्रधानमंत्री ने रविवार को परीक्षा सुधारों पर एक हाई लेवल टास्क फोर्स बनाने की घोषणा की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस बात का ऐलान करते हुए कहा कि प्रख्यात टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट  नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में परीक्षा सुधारों पर एक उच्‍चाधिकार प्राप्त कार्यबल का गठन किया गया है।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि विद्यार्थियो के भविष्य के लिए भारत सरकार लगातार अनेक क़दम उठा रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया वे जेलों में सड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘हम फास्ट ट्रैक कोर्ट बना चुके हैं। हम कल पार्लियामेंट के अंदर भी कठोर कानूनों के प्रावधान के साथ नया क़ानून बनाने की दिशा में भी आगे बढ़ रहे हैं। लेकिन हमें भविष्य के लिए सोचना है।’

प्रधानमंत्री ने कहा , ‘हमारी परीक्षा पद्धति विश्वस्त हो, हमारी परीक्षा पद्धति ट्रास्परेंट हो, हमारी परीक्षा पद्धति में सबसे ज्यादा टेक्नोलॉजी का उपयोग हो, इन सारी बातों को ध्यान में रखते हुए विश्व प्रसिद्ध टेक्नोलॉजी एक्सपर्ट नंदन नीलेकणि के नेतृत्व में  एक हाई पॉवर टास्क फोर्स बनाने का निर्णय किया है जो इक्जामिनेशन रिफॉर्म पर फ़ोकस करेगा और जल्द से जल्द आने वाली परीक्षाओं को विश्वसनीयता को सुनिश्चित करने का काम इसके रिपोर्ट के आधार पर कर दिया जायेगा।