SCO के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित 26वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे
|
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उज़्बेकिस्तान की राजकीय यात्रा पर शनिवार को ताशकंद पहुँचे। हवाई अड्डे पर उज़्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शवकत मिर्ज़ियोयेव ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
यह प्रधानमंत्री की उज़्बेकिस्तान की चौथी यात्रा है। उम्मीद जताई जा रही है कि उनकी इस यात्रा से दोनों देशों के आपसी संबंधों को और गति मिलेगी।
उज़्बेकिस्तान पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘ताशकंद पहुँचने पर राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव ने मेरा गर्मजोशी से स्वागत किया। इस खास पहल के लिए मैं उनका आभारी हूँ।’
राष्ट्रपति शवकत मिर्ज़ियोयेव के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय दौरे परताशकंद पहुंचे हैं। हाल के वर्षों में भारत-उज़्बेकिस्तान रणनीतिक साझेदारी में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
29-30 अगस्त की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति मिर्ज़ियोयेव के साथ व्यापार और निवेश, डिजिटल संपर्क, रक्षा, ऊर्जा तथा विकसित भारत और यंगी उज़्बेकिस्तान के साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग को और गहरा करने पर चर्चा करेंगे। वह ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में शास्त्री स्मारक और महात्मा गांधी केंद्र का भी दौरा भी करेंगे।
मोदी ताशकंद से किर्गिज़ गणराज्य के राष्ट्रपति सदिर जापारोव के निमंत्रण पर बिश्केक पहुंचेंगे जहाँ वह शंघाई सहयोग संगठन SCO के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित 26वें SCO शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। भारत 2017 से SCO का सक्रिय सदस्य रहा है।
विदेश यात्रा पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘मुझे विश्वास है कि यह दौरा मध्य एशिया में भारत की रणनीतिक साझेदारियों को सुदृढ़ करेगा, इस क्षेत्र के साथ हमारे सभ्यतागत जुड़ाव को और गहरा करेगा तथा शांति, स्थिरता और समृद्धि की हमारी साझा आकांक्षा को आगे बढ़ाएगा।’