पाकिस्तान क्रिकेट टीम में इंग्लैंड दौरे के बीच बड़ा बदलाव देखने को मिला है। तीन में से दो टेस्ट गंवा चुकी टीम से सात खिलाड़ियों को बाहर कर दिया गया है। इनमें मोहम्मद रिजवान और इमाम उल हक जैसे सीनियर खिलाड़ी भी शामिल हैं। अब एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि खराब प्रदर्शन के साथ-साथ ड्रेसिंग रूम में इन खिलाड़ियों के व्यवहार को लेकर भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी खुश नहीं था।
7 खिलाड़ियों को टीम से किया गया बाहर
हेडिंग्ले में पाकिस्तान को पहला टेस्ट पारी और 103 रन से हारना पड़ा था। इसके बाद लॉर्ड्स में दूसरा टेस्ट भी 194 रन से गंवा दिया। इन नतीजों के बाद टीम में बड़े बदलाव किए गए और तीसरे टेस्ट से पहले सात खिलाड़ियों को वापस भेज दिया गया।
इन खिलाड़ियों में मोहम्मद रिजवान, इमाम उल हक, सलमान अली आगा, अली उस्मान, आमिर जमाल, मोहम्मद अवैस और खुर्रम शहजाद शामिल हैं।
सिर्फ खिलाड़ियों में ही बदलाव नहीं हुआ। मुख्य कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी वापस भेज दिया गया। तीसरे टेस्ट में माइक हेसन और एश्ले नोफके कोचिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
रिजवान, इमाम और सलमान को लेकर क्या खुलासा हुआ?
पीसीबी और टीम मैनेजमेंट की ओर से सातों खिलाड़ियों को हटाने की वजह खराब प्रदर्शन बताई गई थी। हालांकि, पीसीबी के एक सूत्र के हवाले से मालूम पड़ा है कि रिजवान, इमाम और सलमान अली आगा पीसीबी की बड़ी योजना का हिस्सा थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, खराब प्रदर्शन के अलावा ड्रेसिंग रूम में उनके व्यवहार को भी टीम से बाहर किए जाने की वजह बताया गया है।
सूत्र ने कहा, "इन तीनों के अलावा बाकी खिलाड़ी माइक हेसन के कहने पर वापस भेजे गए। हेसन व्हाइट बॉल के कुछ अन्य खिलाड़ियों को रेड बॉल क्रिकेट में आजमाना चाहते थे।"
माइक हेसन पाकिस्तान के वनडे और टी20 के कोच हैं। अब सरफराज की जगह उन्हें टेस्ट टीम की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सूत्र के मुताबिक, रिजवान, इमाम और सलमान को वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरों के दौरान हुई कुछ घटनाओं को लेकर अपने व्यवहार पर समिति के सामने पेश होकर स्पष्टीकरण देना होगा।
पीसीबी में बड़े बदलाव के संकेत
सूत्र ने बताया कि पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी टीम में बड़े स्तर पर 'सफाई अभियान' चाहते हैं। चयन समिति भी बदलाव के अगले दायरे में हो सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुख्य चयनकर्ता आकिब जावेद को भी अल्टीमेटम दिया गया है। उनसे लाहौर हाई परफॉर्मेंस सेंटर में डेवलपमेंट डायरेक्टर के रूप में अपने काम पर फोकस करने के लिए कहा गया है।
पीसीबी ने चयन समिति और सलाहकार समिति के सदस्यों को भी नोटिस जारी किया है। उनसे इमाम और रिजवान को इंग्लैंड दौरे के लिए चुने जाने और चयन नीति तैयार करने में इस्तेमाल किए गए मानदंड पर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सूत्र ने कहा, "इंग्लैंड दौरे के बाद नई चयन समिति का एलान किया जा सकता है।" टीम में बदलाव के बाद मिस्बाह पहले ही चयन समिति से इस्तीफा दे चुके हैं।
हेसन को स्थायी टेस्ट कोच बनाने पर भी विचार
पीसीबी रेड बॉल टीम के स्थाई मुख्य कोच के तौर पर माइक हेसन को बनाए रखने पर भी विचार कर रहा है। हालांकि, अभी यह पुष्टि नहीं है कि हेसन इस जिम्मेदारी को संभालने के लिए तैयार हैं या नहीं।
सूत्र ने कहा, "अगर वह सहमत नहीं होते हैं, तो बोर्ड नवंबर में श्रीलंका के खिलाफ होने वाली अगली घरेलू सीरीज से पहले किसी और को नियुक्त करेगा।"
इंग्लैंड में टीम के साथ रहते हुए पदों से हटाए गए पूर्व मुख्य कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को बोर्ड के भीतर अन्य जिम्मेदारियां देने की पेशकश की जाएगी।
7 नए खिलाड़ी पाकिस्तान टीम से जुड़े
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज का आखिरी टेस्ट एजबेस्टन में खेला जाएगा। इस मुकाबले के लिए पाकिस्तान टीम में सैम अयूब, अब्दुल्लाह फजल, अराफात मिनहास, साद बेग, मोहम्मद रंधावा, रजाउल्लाह और मोहम्मद इमरान जूनियर को बुलाया गया है।
इन सात खिलाड़ियों में से पांच पहले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू कर चुके हैं। रंधावा और रजाउल्लाह को अभी डेब्यू करना है।
सैम अयूब आठ टेस्ट और फजल दो टेस्ट खेल चुके हैं। बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर अराफात मिनहास वनडे और टी20 में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इमरान जूनियर और साद बेग भी राष्ट्रीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं।