मेरठ हत्याकांड: मां बनने वाली है मुस्कान, अब जेल में मिलेगा VIP ट्रीटमेंट?

Authored By: News Corridors Desk | 08 Apr 2025, 11:41 AM
news-banner
उत्तर प्रदेश के ब्रह्मपुरी में 3 मार्च को हुए सौरभ हत्याकांड में मुख्य आरोपी मुस्कान और साहिल की गिरफ्तारी के बाद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जिला कारागार में की गई चिकित्सकीय जांच में मुस्कान 25 से 30 दिनों की गर्भवती पाई गई है। माना जा रहा है कि हत्या के बाद कसोल (हिमाचल प्रदेश) में मुस्कान गर्भवती हुई।

पुलिस के अनुसार, 3 मार्च को मुस्कान और साहिल ने सौरभ की हत्या कर उसके शव को ड्रम में डालकर सीमेंट से बंद कर दिया था। इसके बाद दोनों 4 मार्च की शाम हिमाचल प्रदेश घूमने चले गए और 17 मार्च को वापस लौटे। 18 मार्च को पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और 19 मार्च को न्यायालय ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। फिलहाल दोनों को 15 अप्रैल तक का रिमांड मिला हुआ है।

जेल में मुस्कान को मिलेगी विशेष सुविधा

जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा के अनुसार, मुस्कान की गर्भावस्था की पुष्टि के बाद उसे महिला बैरक में शिफ्ट किया जाएगा और गर्भवती महिलाओं को दी जाने वाली सभी सुविधाएं उसे मुहैया कराई जाएंगी। किसी भी तरह का भारी काम उससे नहीं लिया जाएगा, और नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच की जाएगी। महिला अस्पताल से आई गायनोकॉलजिस्ट डॉ. कोमल ने मुस्कान का प्रेगनेंसी टेस्ट किया था।

साहिल से मिलने पहुंची नानी पुष्पा, कहा- जल्द होगी जमानत

सोमवार को साहिल से मिलने के लिए उसकी नानी पुष्पा एक बार फिर जेल पहुंचीं। उन्होंने साहिल को खाने का सामान दिया और भरोसा दिलाया कि जल्द ही जमानत करवा कर उसे बाहर निकाला जाएगा। पुष्पा का दावा है कि साहिल ने नशे की हालत में मुस्कान के कहने पर इस अपराध को अंजाम दिया।

वहीं इंस्पेक्टर रमाकांत पचौरी का कहना है कि पुलिस के पास मुस्कान और साहिल के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य हैं, और अदालत से उन्हें जरूर सजा मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गर्भवती होने का आरोपियों की सजा पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

जहां साहिल से उसकी नानी दो बार मिलने आई हैं, वहीं मुस्कान से अब तक उसका कोई भी परिवारजन या रिश्तेदार मिलने जेल नहीं पहुंचा है। यह बात भी चर्चा का विषय बन गई है कि क्या मुस्कान को उसके परिवार ने अब पूरी तरह से अलग कर दिया है।