Nepal Flash Flood: नेपाल में 26 अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ के बीच त्रिशूली-3ए जलविद्युत परियोजना की सुरंग में फंसे दो मजदूरों को 10 दिन बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। शुक्रवार को हुए इस रेस्क्यू में 45 वर्षीय कबीर महारजन और 30 वर्षीय संजय साह को सुरंग से बाहर निकाला गया। महारजन परियोजना में मैकेनिकल सुपरवाइजर, जबकि साह फोरमैन के तौर पर काम कर रहे थे।
दोनों मजदूर 10 दिनों तक सुरंग के भीतर अंधेरे और मुश्किल हालात में फंसे रहे। इस दौरान नेपाल सेना के नेतृत्व में सुरक्षा बलों की टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी रही।
सुरंग के अंदर से आवाज सुनकर जगी उम्मीद
बचाव अभियान के दौरान सुरंग के भीतर से आवाजें सुनाई देने के बाद रेस्क्यू टीम की उम्मीद बढ़ी। इसके बाद बचावकर्मियों ने अंदर फंसे मजदूरों से संपर्क स्थापित किया और उन्हें बाहर निकालने की कोशिशें तेज कर दीं।
दोनों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए विशेष उपकरणों की भी मदद ली गई। लगातार चले अभियान के बाद शुक्रवार को दोनों मजदूरों को सुरंग से बाहर निकाल लिया गया।
नेपाल बाढ़ में अब तक 1282 लोगों की मौत
दो मजदूरों का यह रेस्क्यू ऐसे समय हुआ है, जब नेपाल में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। नेपाल पुलिस के मुताबिक, बाढ़ में अब तक 1,282 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग अभी भी लापता हैं।
बाढ़ की शुरुआत नेपाल-तिब्बत सीमा के पास बर्फ और चट्टानों के बड़े मलबे के खिसकने से हुई थी। इसके बाद उत्तरी और मध्य नेपाल के कई शहरों और गांवों में हालात बेहद खराब हो गए।
ऐसे भयावह हालात के बीच 10 दिन बाद सुरंग से दो मजदूरों का जिंदा बाहर आना राहत और उम्मीद की बड़ी खबर बनकर सामने आया है।