भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के फैसले पर उनकी पत्नी हसीन जहां ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने शमी के इस फैसले पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने टेस्ट क्रिकेट नहीं छोड़ा, बल्कि उन पर खुदा का कहर टूटा है। इसके साथ ही हसीन जहां ने शमी की उम्र और उनके क्रिकेट करियर को लेकर भी कई सवाल उठाए।
संवाद न्यूज एजेंसी से फोन पर बातचीत में हसीन जहां ने कहा कि अच्छे प्रदर्शन और समर्थकों की वाहवाही मिलने के बाद शमी खुद को खुदा समझने लगे थे। उनके मुताबिक, किसी व्यक्ति की असली पहचान उसकी इंसानियत से होती है, न कि उसकी शोहरत या क्रिकेट खेलने से।
शमी की उम्र को लेकर हसीन जहां ने उठाए सवाल
हसीन जहां ने शमी की उम्र को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि शमी का जन्म वर्ष 1982 में हुआ था, जबकि उनके शैक्षिक प्रमाणपत्रों में जन्म वर्ष 1990 दर्ज है। उनके आरोपों के मुताबिक, प्रमाणपत्रों में उम्र से जुड़ी कथित गड़बड़ी के कारण शमी लंबे समय तक खुद को कम उम्र का बताते रहे। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
हसीन जहां ने कहा कि उम्र प्राकृतिक रूप से बढ़ती है, न कि दस्तावेजों में दर्ज आंकड़ों के अनुसार। उन्होंने यह भी सवाल किया कि अगर शमी कम उम्र के थे तो उन्होंने अंडर-19 क्रिकेट क्यों नहीं खेला और 22 वर्ष की उम्र के बाद ही क्रिकेट खेलना क्यों शुरू किया।
उन्होंने शमी को टीम में मौके मिलने को लेकर भी सवाल उठाए। हसीन जहां के मुताबिक, अगर शमी का प्रदर्शन खराब होता तो बीसीसीआई की ओर से मौका नहीं दिए जाने की बात समझ में आती, लेकिन अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें तवज्जो नहीं मिली। उन्होंने कहा कि इससे साफ होता है कि उनकी उम्र उनके करियर पर भारी पड़ रही है।
हसीन जहां ने आगे कहा कि कर्म किसी को नहीं छोड़ता और अब शमी का कर्मा शुरू हो गया है।
शमी के परिवार को चुनाव लड़ने पर फिर दी चुनौती
हसीन जहां ने शमी के परिवार को लेकर भी अपना पुराना रुख दोहराया। उन्होंने कहा कि अगर मोहम्मद शमी, उनके भाई, भाभी या परिवार का कोई अन्य सदस्य चुनाव लड़ता है तो वह भी उसके खिलाफ चुनाव मैदान में उतरेंगी।
उन्होंने साफ किया कि शमी के परिवार का कोई सदस्य चुनाव लड़ने का फैसला करता है तो वह पीछे नहीं हटेंगी।
भावुक संदेश के साथ मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट को कहा अलविदा
भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने छह नवंबर को सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का एलान किया था। अमरोहा से ताल्लुक रखने वाले शमी के इस फैसले से उनके प्रशंसक हैरान रह गए।
शमी ने अपने फार्म हाउस स्थित मैदान में खड़े होकर 2.48 मिनट का वीडियो साझा किया था। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए इस वीडियो को कुछ ही घंटों में करीब 72 हजार लाइक मिले। वहीं, इस पर तीन हजार से अधिक कमेंट आए और एक हजार से ज्यादा बार इसे शेयर किया गया।
अपने संदेश में शमी ने कहा कि वह सफेद जर्सी को अलविदा कह रहे हैं, लेकिन इससे जुड़ी यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को अपनी जिंदगी का बेहद खास हिस्सा बताया। साथ ही अपने सफर में साथ देने वाले साथी खिलाड़ियों, कोच, परिवार और करोड़ों प्रशंसकों का आभार जताया।
शमी ने यह भी स्पष्ट किया कि वह वनडे और टी-20 क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे।
भारत के लिए 64 टेस्ट मैचों में शमी ने लिए 229 विकेट
नई और पुरानी दोनों गेंदों से स्विंग और सीम मूवमेंट हासिल करने की क्षमता के लिए पहचाने जाने वाले मोहम्मद शमी ने भारत की ओर से 64 टेस्ट मैच खेले। इस दौरान उनके नाम 229 विकेट रहे। उन्होंने छह बार एक पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा भी किया।
शमी ने वर्ष 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। इसके बाद वह भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण का अहम हिस्सा बन गए। भारत, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज में खेले गए 35 टेस्ट मैचों में उन्होंने 131 विकेट हासिल किए। इन मुकाबलों में उनका गेंदबाजी औसत 25 से कम रहा।
अपने विदाई संदेश में शमी ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इन दोनों संस्थाओं ने उनकी प्रतिभा पर भरोसा जताया और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए।
शमी ने वीडियो में कहा कि मैदान पर उनकी आखिरी टेस्ट गेंद भले ही फेंकी जा चुकी है, लेकिन भारत के लिए खेलने का गर्व हमेशा उनके दिल में जिंदा रहेगा। उनके संन्यास के एलान के बाद अमरोहा समेत देशभर में उनके प्रशंसकों के बीच इस फैसले की चर्चा होने लगी।