Highlights
• मिजोरम में वाहन खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत
• हादसे में PIB और दूरदर्शन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल
• सियालसुक के पास खड़ी ढलान वाली सड़क से फिसली कार
• रक्षा मंत्रालय और मीडिया जगत ने जताया गहरा शोक
Mizoram Road Accident: मिजोरम में गुरुवार 1 अक्टूबर को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों की मौत हो गई। हादसा आइजोल से करीब 65 किलोमीटर दूर सियालसुक के पास हुआ, जहां एक वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में प्रेस सूचना ब्यूरो PIB इम्फाल के अतिरिक्त महानिदेशक डॉ. एंगम पामे, दूरदर्शन केंद्र और आकाशवाणी आइजोल के समाचार निदेशक नम्पिबौ मरिनमाई तथा केंद्रीय संचार ब्यूरो CBC आइजोल के कर्मचारी एच. लियानवेला की जान चली गई।
सियालसुक के पास खाई में गिरा वाहन
जानकारी के अनुसार, तीनों अधिकारी सियालसुक के पास एक स्थल का दौरा करने गए थे। इसी दौरान सतीक गांव के पास वाहन खड़ी और कठिन सड़क से फिसलकर खाई में गिर गया। दुर्गम इलाका होने के कारण राहत और बचाव अभियान में पुलिस के साथ यंग मिजो एसोसिएशन के स्वयंसेवकों ने भी मदद की। हादसे में वाहन चालक और एक अन्य घायल व्यक्ति को बचा लिया गया।
रक्षा मंत्रालय ने जताया शोक
रक्षा मंत्रालय ने नम्पिबौ मरिनमाई के निधन पर गहरा दुख जताया। मंत्रालय ने कहा कि उन्होंने रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (PRO Defence) और डीडी न्यूज मिजोरम के निदेशक के रूप में सेवाएं दी थीं। रक्षा बलों की गतिविधियों और उपलब्धियों की रिपोर्टिंग में उनके योगदान को याद किया गया।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जताया दुख
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी डॉ. एंगम पामे, नम्पिबौ मरिनमाई और एच. लियानवेला के निधन पर शोक व्यक्त किया। IIS फोरम ने भी हादसे में वरिष्ठ अधिकारियों की मौत पर दुख जताते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की।