मेलोनी ने इटली की शिक्षा व्यवस्था में एक और बदलाव कर दिया

मेलोनी ने इटली की शिक्षा व्यवस्था में एक और बदलाव कर दिया
  • तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा को समान सम्मान 
  • तकनीकी संस्थानों को ‘Licei tecnologici’, प्रोफेशनल संस्थानों को ‘Licei professionali’ नाम 
  • तकनीकी शिक्षा के घंटों की समीक्षा और तकनीकी-व्यावसायिक कैंपस के लिए अतिरिक्त फंड 

Georgia Meloni on Italy Education Reform: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने देश की तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा व्यवस्था में किए जा रहे बदलाव को लेकर सरकार के फैसले का समर्थन किया है। सोशल मीडिया X पर पोस्ट में मेलोनी ने कहा कि तकनीकी या व्यावसायिक संस्थान चुनने वाले छात्रों को पारंपरिक स्कूलों की तुलना में कमतर समझने की धारणा दशकों से चली आ रही है।

मेलोनी के अनुसार, इटली की सरकार ने तकनीकी संस्थानों का नाम बदलकर ‘लिसेई टेक्नोलॉजिकी’ (Licei tecnologici) और व्यावसायिक संस्थानों का नाम ‘लिसेई प्रोफेशनाली’ (Licei professionali) करने का फैसला किया है। उन्होंने इसे केवल नाम बदलने के बजाय तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा को समान महत्व देने की दिशा में कदम बताया।

उन्होंने कहा कि तकनीशियन, मैकेट्रॉनिक्स विशेषज्ञ, केमिस्ट, कृषि विशेषज्ञ, जियोमीटर, शेफ, कारीगर और आईटी पेशेवर इटली के उत्पादन तंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मेलोनी ने तकनीकी संस्थानों के पाठ्यक्रम में घंटों की समीक्षा और तकनीकी-व्यावसायिक शिक्षा से जुड़े कैंपस के लिए अतिरिक्त 10 मिलियन यूरो की व्यवस्था का भी उल्लेख किया।

मेलोनी ने ‘Liceo del Made in Italy’ और ‘4+2’ शिक्षा सुधार का भी जिक्र किया। उनके अनुसार, इस व्यवस्था के तहत छात्रों के सामने आगे विशेषज्ञता हासिल करने या सीधे रोजगार बाजार में प्रवेश करने के विकल्प होंगे।

प्रधानमंत्री ने छात्रों से कहा कि स्कूल का चुनाव उनकी क्षमता या भविष्य के अवसरों को कम नहीं करता और इटली को तकनीकी तथा व्यावसायिक क्षेत्रों में प्रशिक्षित युवाओं की जरूरत है।

मेलोनी सरकार ने कुछ दिन पहले इटली के स्कूलों में बुर्का और नक़ाब पर रोक लगाने तथा कक्षाओं में ग़ैर इतावली भाषी छात्र-छात्राओं की संख्या पर 30 प्रतिशत की सीलिंग तय की थी।