मायावती का अखिलेश पर हमला, बोलीं- मुस्लिम समाज को सपा की कड़वी हकीकत का एहसास

मायावती का अखिलेश पर हमला, बोलीं- मुस्लिम समाज को सपा की कड़वी हकीकत का एहसास
हाइलाइट्स :
मायावती ने अखिलेश यादव और सपा पर साधा निशाना
'पीडीए' की असली वास्तविकता बताने की मांग
मुस्लिम समाज का सपा से भरोसा उठने का किया दावा
बीएसपी की 'सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय' नीति का जिक्र
यूपी में 2027 के शुरुआती महीनों में विधानसभा चुनाव

Mayawati on Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के बीच बसपा प्रमुख मायावती ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। मायावती ने सपा के प्रचारित 'पीडीए रथ' से लेकर मुस्लिम समाज के बीच पार्टी की पकड़ तक पर सवाल उठाए हैं।

मायावती ने कहा कि अखिलेश यादव को जनता को यह बताना चाहिए कि उनके 'पीडीए' की असली वास्तविकता क्या है। उन्होंने यह भी कहा कि मुस्लिम समाज का सपा पर से भरोसा उठ गया है और उसे इसकी कड़वी हकीकत का एहसास है।

मायावती ने 'पीडीए रथ' के रंग को लेकर उठाया सवाल

मायावती ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए सपा प्रमुख का प्रचारित 'पीडीए रथ' सपा के लाल रंग की तुलना में आरएसएस/भाजपा के 'भगवा' रंग का ज्यादा दिखाई देता है।

उनके मुताबिक, इसे लेकर लोगों में यह चर्चा है कि वोटों के स्वार्थ के लिए लगातार रंग बदलने की कोशिश हो रही है या फिर सपा प्रमुख का मुसलमानों से वोट पाने का भरोसा कम हो गया है।

मायावती ने यह भी कहा कि मुस्लिम समाज को पिछले चुनावों में सपा को दिए गए अपने वोट और उसके बावजूद भाजपा को यूपी और केंद्र में सरकार बनाने से नहीं रोक पाने की स्थिति का एहसास है।

मुस्लिम समाज को लेकर मायावती ने क्या कहा?

बसपा प्रमुख ने दावा किया कि इसी वजह से मुस्लिम समाज सपा को बार-बार वोट देकर अपना वोट खराब करने पर विचार कर रहा है और उसका रुख तेजी से बीएसपी की ओर बदल रहा है।

मायावती ने बीएसपी की सरकारों के दौरान अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के साथ व्यापक जनहित, जनकल्याण और विकास के मामलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बीएसपी ने प्रदेश में कई बार 'आयरनलेडी राज' स्थापित करके दिखाया है।

अखिलेश के 'पीडीए' की वास्तविकता पर सवाल

मायावती ने अखिलेश यादव से यह भी पूछा कि उनके 'पीडीए' की वास्तविकता क्या है। उन्होंने कहा कि चुनावी स्वार्थ में कभी 'पीडी' को 'पिछड़ा, दलित' बताया गया और कभी 'पीडी' को 'पण्डित' बताया गया।

मायावती ने यह भी आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने खुद को अम्बेडकरवादी दिखाने के लिए बीएसपी के 'नीले' रंग वाले वस्त्र पहनकर तस्वीरें खिंचवाईं, लेकिन लोगों ने इसे 'फेक अम्बेडकरवादी' कहकर रिजेक्ट कर दिया।

मायावती ने बीएसपी की नीति भी बताई

मायावती ने कहा कि इसके विपरीत बीएसपी सर्वसमाज के लिए 'सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय' की नीति और सिद्धान्त वाली अम्बेडकरवादी पार्टी है।

उन्होंने कहा कि बीएसपी सभी को रोटी-रोजगार-युक्त आत्म-सम्मान और स्वाभिमान का जीवन देने की पक्षधर है। मायावती के मुताबिक इसी वजह से सर्वसमाज में बीएसपी का अपना सम्मान है।

2027 में होना है उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 के शुरुआती महीने में होना है। चुनाव फरवरी से मार्च के बीच आयोजित कराए जाने की बात कही जा रही है।

वहीं, हाल ही में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि वह चुनाव में गठबंधन को लेकर 2 अक्टूबर तक फैसला ले लेंगे।