मनीषा रानी ने खरीदा मुंबई में अपना घर, जानिए वेट्रेस से करोड़पति बनने तक का सफर

मनीषा रानी ने खरीदा मुंबई में अपना घर, जानिए वेट्रेस से करोड़पति बनने तक का सफर

मनीषा रानी ने सपनों के शहर मुंबई में अपना खुद का घर खरीदा और एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। हाल ही में उन्होंने अपनें नए घर में गृह प्रवेश पूजा की, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रहे। यह घर उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से खरीदा है। बिहार के मुंगेर जिले से निकलकर मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बनाने वाली मनीषा रानी का सफर संघर्ष और मेहनत से भरा रहा है। कभी 500 रुपये रोज कमाने वाली मनीषा आज करोड़ों की संपत्ति की मालकिन बन चुकी हैं।

मनीषा का जन्म बिहार के एक मिडिल क्लास परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम मनोज कुमार चंडी और मां का नाम रागिनी देवी है। एक पुराने इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बताया था कि जब वह सिर्फ 8 साल की थीं, तब उनके माता-पिता अलग हो गए थे। इसके बाद उनके पिता ने अकेले ही उन्हें और उनके चार भाई-बहनों की परवरिश की। अपनी शुरुआती पढ़ाई पूरी करने के बाद मनीषा डांस सीखने के लिए कोलकाता चली गईं। वहां उन्होंने कई मुश्किलों का सामना किया। खर्च चलाने के लिए उन्होंने वेट्रेस और बैकग्राउंड डांसर जैसी नौकरियां भी कीं।

बैकग्राउंड डांसर के तौर पर काम करने के बाद मनीषा ने डांस इंडिया डांस के पांचवें सीजन में हिस्सा लिया, लेकिन पहले ही राउंड में बाहर हो गईं। इसके बाद उन्होंने 2020 में गुड़िया हमारी सभी पे भारी में छोटा सा रोल निभाया। इसी दौरान वह सोशल मीडिया पर लगातार कंटेंट बनाती रहीं और इंस्टाग्राम व टिकटॉक जैसे प्लेटफॉर्म पर वीडियो पोस्ट करती थीं। उनकी लोकप्रियता बढ़ने के बाद बिग बॉस OTT 2 के मेकर्स की नजर उन पर पड़ी और उन्हें शो में हिस्सा लेने का मौका मिला। इस शो में अपनी कॉमिक टाइमिंग और एंटरटेनिंग अंदाज की वजह से मनीषा रातों-रात स्टार बन गईं। वह शो की सेकेंड रनर-अप रहीं।

इसके बाद मनीषा कई म्यूजिक वीडियोज में नजर आईं और फिर झलक दिखला जा 11 में वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर शामिल हुईं। अपनी डांस परफॉर्मेंस से उन्होंने दर्शकों और जजों को प्रभावित किया और शो की विनर बनीं। खास बात यह रही कि वह इस शो के इतिहास में ट्रॉफी जीतने वाली पहली वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट बनीं। मनीषा ने बाद में Haale Dil से एक्टिंग करियर की शुरुआत की, जिसमें उन्होंने फीमेल लीड रोल निभाया। सितंबर 2025 में उन्होंने The Treasure Hunters को होस्ट किया। इसके अलावा वह राइज एंड फॉल में वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट के रूप में भी नजर आईं, जहां वह सातवें स्थान पर रहीं। मनीषा द 50 का भी हिस्सा रह चुकी हैं।

हाल ही में उन्होंने अपने पिता को Mahindra XUV 3XO गिफ्ट की, जिसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस कार की कीमत अलग-अलग वेरिएंट के हिसाब से 7.49 लाख रुपये से 15.49 लाख रुपये तक जाती है। आज मनीषा रानी की कुल संपत्ति करीब 5 से 6 करोड़ रुपये बताई जाती है।