मालदा विवाद पर रवि किशन का बड़ा बयान, बंगाल की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

Authored By: News Corridors Desk | 02 Apr 2026, 07:13 PM
news-banner

पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच मालदा की घटना को लेकर सियासत तेज हो गई है। इस मुद्दे पर न्यूज कोरिडोर्स से बातचीत करते हुए बीजेपी सांसद रवि किशन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।

रवि किशन ने कहा कि मालदा में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) से जुड़े एक अधिकारी को बंधक बना लिया गया, जो लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया के सख्त रुख का स्वागत करते हुए कहा कि इस मामले की जांच एनआईए या सीबीआई से कराना जरूरी है।

बातचीत में उन्होंने अपने पुराने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान उन्हें पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिली थी और हालात ऐसे थे कि उन्हें खुद अपनी सुरक्षा का ध्यान रखना पड़ता था। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमले आम हो गए हैं और कई कार्यकर्ताओं की हत्या तक हो चुकी है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए रवि किशन ने कहा कि राज्य में डर और हिंसा का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी की रैलियों और कार्यक्रमों में बाधाएं डाली जाती हैं और कलाकारों के कार्यक्रमों तक को प्रभावित किया जाता है। रवि किशन ने कहा कि यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि टीएमसी को अपनी हार का अंदेशा हो चुका है। उनके मुताबिक, इस बार पश्चिम बंगाल में जनता बदलाव के मूड में है और बीजेपी सरकार बनाने जा रही है।

अंत में उन्होंने कहा कि चाहे कितनी भी मुश्किलें आएं, बीजेपी पीछे नहीं हटेगी और लोकतंत्र की रक्षा के लिए पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी।