- प्रधानमंत्री मोदी ने मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये घोषित किए।
- घायलों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 50 हजार रुपये मिलेंगे।
- राष्ट्रपति मुर्मु, अमित शाह और ममता बनर्जी ने जताया दुख।
- अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के अगले दिन के सभी कार्यक्रम स्थगित किए।
|
Kolkata Durga Puja Stampede: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान चोरबागान सार्वजनिक पूजा पंडाल में भगदड़ में कम से कम 17 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की है।
मृतकों के परिजनों को 2 लाख, घायलों को 50 हजार रुपये
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से साझा किए गए सोशल मीडिया पोस्ट में नरेंद्र मोदी ने कोलकाता में भगदड़ की घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, हादसे में घायल प्रत्येक व्यक्ति को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में लोगों की मौत की खबर को बेहद दुखद बताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
अमित शाह बोले- घायलों को मिल रही हर संभव चिकित्सा सुविधा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की खबर मिलने पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से उनकी बातचीत हुई है।
अमित शाह ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रशासन घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहा है।
गृह मंत्री ने यह भी कहा कि वह पश्चिम बंगाल में अपने अगले दिन के सभी कार्यक्रम स्थगित कर अस्पताल जाएंगे और घायलों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने मां दुर्गा से घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
ममता बनर्जी ने भी जताया दुख
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना पर गहरा दुख और हैरानी जताई। उन्होंने मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
ममता बनर्जी ने कहा कि इस कठिन समय में घायलों के परिवारों को शक्ति और साहस मिले। उनका संदेश भी सोशल मीडिया पर सामने आया।
भारी भीड़ के बीच हुई घटना
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, उत्तर कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में 17 अक्टूबर की शाम भगदड़ जैसी स्थिति बनी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बारिश के दौरान पंडाल के बाहर जमा भीड़ में अचानक हलचल बढ़ गई और लोग आगे बढ़ने लगे। इस दौरान कुछ लोग गिर पड़े और अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद पुलिस ने पंडाल में लोगों की आवाजाही रोक दी।