अयोध्या में राम मंदिर को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच TMC सांसद कीर्ति आजाद ने भगवान राम और माता सीता को लेकर टिप्पणी की है। उन्होंने साफ कहा कि वह कभी राम मंदिर नहीं जाएंगे। कीर्ति आजाद ने भगवान राम के मर्यादा पुरुषोत्तम होने पर सवाल उठाते हुए माता सीता के साथ हुए व्यवहार का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह मिथिला के रहने वाले हैं और सीता उनकी मां हैं, इसलिए उनके लिए लड़ाई लड़ेंगे।
दरअसल, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के अगले महीने अयोध्या जाने के प्रस्ताव को लेकर भाजपा नेताओं की ओर से प्रतिक्रिया दी जा रही है। इसी राजनीतिक चर्चा के बीच कीर्ति आजाद का यह बयान सामने आया है।
भगवान राम और माता सीता को लेकर क्या बोले कीर्ति आजाद?
अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने के प्रस्ताव और भाजपा की प्रतिक्रिया पर अपनी बात रखते हुए कीर्ति आजाद ने कहा, "क्या हमारे देश में 3200 करोड़ देवी-देवताओं में केवल एक राम ही भगवान हैं? मैं तो नहीं जाऊंगा कभी।"
उन्होंने भगवान राम के सीता के प्रति व्यवहार का जिक्र करते हुए कहा कि अग्नि परीक्षा में सफल होने के बाद भी माता सीता को घर से निकाल दिया गया था। कीर्ति आजाद ने कहा कि वह मिथिला के रहने वाले हैं और माता सीता मिथिला की बेटी होने के साथ-साथ वहां के प्रत्येक व्यक्ति की मां हैं।
TMC सांसद ने अपनी धार्मिक आस्था का जिक्र करते हुए कहा कि वह कामाख्या जाते हैं और मां काली के दर्शन करते हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता दुर्गा के उपासक थे, जबकि वह काली के उपासक हैं।
'मिथिला की बेटी का तिरस्कार हुआ', सीता के लिए लड़ने की कही बात
जब कीर्ति आजाद से पूछा गया कि क्या वह भगवान राम को मर्यादा पुरुषोत्तम मानने से इनकार करते हैं और कभी उनके दर्शन नहीं करेंगे, तो उन्होंने कहा कि लोग भगवान राम को मर्यादा पुरुषोत्तम मानते हैं, लेकिन वह राम मंदिर नहीं जाएंगे।
उन्होंने कहा, "सीता मेरी मां हैं, मैं मिथिला का रहने वाला हूं। मिथिला की बेटी का तिरस्कार हुआ।" कीर्ति आजाद ने अग्नि परीक्षा के बाद भी माता सीता को दो छोटे बच्चों के साथ देश निकाला दिए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि वह अपनी इष्ट देवी और मां के लिए लड़ाई जरूर लड़ेंगे।
काली मंदिरों में दर्शन का किया जिक्र
कीर्ति आजाद ने कहा कि वह काली कामाख्या, दक्षिण काली, कालीघाट और दिल्ली के गोल मार्केट स्थित काली मंदिर जाते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इसका मतलब यह है कि वह हिंदू नहीं हैं?
उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक चर्चा में केवल राम का नाम लिया जाता है, जबकि कृष्ण उनके लिए कोई मायने नहीं रखते।