कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में लगी आग, सराय बंजारा स्टेशन के पास रोकी गई ट्रेन

कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में लगी आग, सराय बंजारा स्टेशन के पास रोकी गई ट्रेन
हाइलाइट्स
• कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में लगी आग।
• सराय बंजारा स्टेशन के पास रोकी गई ट्रेन।
• रेलवे के मुताबिक, किसी के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं।

पंजाब के सराय बंजारा स्टेशन के पास अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस में आग लगने की घटना सामने आई है। ट्रेन के चार डिब्बे आग की चपेट में आ गए। आग लगने की सूचना मिलते ही ट्रेन को रोक दिया गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। इस घटना के बाद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इंजन से पांचवें कोच तक पहुंची आग

जानकारी के मुताबिक, कर्मभूमि एक्सप्रेस में आग चलती ट्रेन के दौरान लगी। आग इंजन से पांचवें कोच तक पहुंच गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेन को रोक दिया गया, जिसके बाद यात्रियों को डिब्बों से बाहर निकाला जाने लगा।

रेलवे की टीमें और दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। नुकसान को लेकर भी विस्तृत जानकारी सामने आने की प्रतीक्षा है।

रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे

नॉर्दर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि अंबाला डिवीजन के सराय बंजारा स्टेशन के पास अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में आग लगने की सूचना मिली थी।

उन्होंने बताया कि सेफ्टी सिस्टम के समय पर काम करने के कारण ट्रेन रुक गई। इसके बाद आग बुझाने का काम शुरू किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

किसी के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं

रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी यात्री के घायल होने या किसी की जान जाने की खबर नहीं है। किसी अन्य तरह के नुकसान की भी फिलहाल कोई सूचना नहीं है।

आग लगने के कारणों का पता लगाने और आग पर पूरी तरह काबू पाने का काम जारी है।