इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस, CEC के खिलाफ प्रदर्शन से जुड़ा मामला

इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस, CEC के खिलाफ प्रदर्शन से जुड़ा मामला
  • इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस।

  • ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग वाले प्रदर्शन में हुए थे शामिल।

  • किरीट सोमैया ने OCI नियमों के उल्लंघन का लगाया आरोप।

बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को मुंबई पुलिस ने 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया है। अभिनेता हाल ही में मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इस दौरान मुंबई पुलिस ने उन्हें हिरासत में भी लिया था। अब उनके खिलाफ इमिग्रेशन एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।

खबरों के अनुसार, इमरान खान के पास अमेरिकी पासपोर्ट है। उन पर आरोप है कि भारतीय नागरिक न होने के बावजूद उन्होंने राजनीतिक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। इस मामले में इमिग्रेशन एक्ट की धारा 29 और 7 के तहत कार्रवाई शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है।

इमरान खान को किस मामले में भेजा गया नोटिस?

मुंबई पुलिस ने अभिनेता को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई अगस्त क्रांति मैदान में हुए उस प्रदर्शन में उनकी भागीदारी से जुड़ी है, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी।

प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने के बाद इमरान खान ने सोशल मीडिया पर अपनी एक तस्वीर साझा की थी। तस्वीर में वह पुलिस वैन के अंदर बैठे दिखाई दे रहे थे। इसके साथ उन्होंने लिखा था, 'लगता है मैं ड्राइव पर जा रहा हूं'।

प्रदर्शन में शामिल होने पर इमरान खान ने क्या कहा था?

हिरासत में लिए जाने के बाद मीडिया से बातचीत में इमरान खान ने कहा था कि वह मुंबई के नागरिक के तौर पर प्रदर्शन में पहुंचे थे और उनकी कोई विशेष मांग नहीं थी।

अभिनेता ने कहा, 'मेरी कोई मांग नहीं है। मैं यहां एक नागरिक के तौर पर हूं। एक ऐसे व्यक्ति के तौर पर, जो इसी शहर में रहता है। मैं यह जानने आया हूं कि लोगों की आवाजाही की आजादी पर पाबंदी क्यों लगाई जा रही है? लोगों की आवाज क्यों दबाई जा रही है? बस इसीलिए मैं यहां हूं'।

भाजपा नेता किरीट सोमैया ने भी की थी कार्रवाई की मांग

इस मामले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता किरीट सोमैया ने भी इमरान खान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने मुंबई में विरोध प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर अभिनेता को तुरंत गिरफ्तार करने और देश से बाहर निकालने की मांग की थी।

सोमैया ने आरोप लगाया था कि इमरान खान ने 'ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया' (OCI) के नियमों और वीजा शर्तों का उल्लंघन किया है। उन्होंने यह भी कहा था कि प्रदर्शन के दौरान अभिनेता के भाषणों और उनकी पिछली टिप्पणियों से जुड़े सबूत पुलिस को सौंपे गए हैं।

OCI दर्जे के गलत इस्तेमाल का लगाया था आरोप

किरीट सोमैया का आरोप था कि इमरान खान ने एक 'गैर-कानूनी राजनीतिक आंदोलन' में भाग लेकर अपने OCI (ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया) दर्जे का गलत इस्तेमाल किया है। उन्होंने पुलिस से इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग भी की थी।