गुरुग्राम में गौतस्करी के आरोपियों से मुठभेड़, शाहिद की मौत; 40 से ज्यादा केस दर्ज

गुरुग्राम में गौतस्करी के आरोपियों से मुठभेड़, शाहिद की मौत; 40 से ज्यादा केस दर्ज
हाइलाइट्स
• गुरुग्राम में तड़के 4 बजे CIA नूंह और गौतस्करी के आरोपियों में मुठभेड़
• शाहिद उर्फ आडवानी की मौत, उसके खिलाफ 40 से ज्यादा केस दर्ज
• दो आरोपी फरार, पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है

गुरुग्राम के सोहना-पलवल रोड पर गुरुवार सुबह करीब चार बजे सीआईए नूंह की टीम और गौतस्करी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, इस दौरान गोली लगने से शाहिद उर्फ आडवानी (27), निवासी खरखड़ी, नूंह की मौत हो गई। उसके साथ मौजूद दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। शाहिद के खिलाफ 40 से ज्यादा केस दर्ज थे।

पुलिस को गौतस्करी के आरोपियों के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने उनका पीछा किया। आरोपी थार गाड़ी नंबर HR 51 BR 6483 में दो गायों को लेकर जा रहे थे। सिलानी मोड़ के पास पुलिस ने गाड़ी रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हो गई।

गोली लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया शाहिद

मुठभेड़ के दौरान शाहिद उर्फ आडवानी को गोली लग गई। पुलिस टीम उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन शाहिद के साथ मौजूद दोनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

घटनास्थल पर पहुंची सीन ऑफ क्राइम और एफएसएल टीम

घटना के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सोहना में रखवाया गया। सीन ऑफ क्राइम और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

मुठभेड़ से जुड़े तथ्यों की जांच के साथ गाड़ी में मौजूद गायों की स्थिति की पड़ताल के लिए पशु चिकित्सक को भी मौके पर बुलाया गया।

थार गाड़ी कब्जे में, फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने थार गाड़ी को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

इसके अलावा, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार आरोपियों के भागने की दिशा और उनके बारे में सुराग मिल सके।

पुलिस कर रही मुठभेड़ से जुड़े तथ्यों की जांच

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है। मुठभेड़ के दौरान हुई कार्रवाई, आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।