घर पर दही जल्दी खट्टा क्यों हो जाता है? जानें सही तरीका और आसान टिप्स

Date: 2026-05-08
news-banner

गर्मियों में दही का इस्तेमाल सबसे ज्यादा किया जाता है। लस्सी, रायता, सलाद और कई तरह की डिशेज में दही स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। दही एक प्रोबायोटिक फूड है, यानी इसमें अच्छे बैक्टीरिया पाए जाते हैं जो गट हेल्थ के लिए लाभकारी होते हैं। हालांकि घर पर दही जमाते समय कई लोगों की शिकायत रहती है कि दही जल्दी खट्टा हो जाता है। ऐसे में अक्सर यह सलाह दी जाती है कि दही जमाने से पहले दूध में चीनी मिला देनी चाहिए। दरअसल, दूध को दही में बदलने के लिए लैक्टोबैसिलस बैक्टीरिया की जरूरत होती है। यही बैक्टीरिया फर्मेंटेशन की प्रक्रिया को बढ़ाते हैं और दूध को दही में बदलते हैं। जब यह प्रक्रिया ज्यादा बढ़ जाती है, तब दही में खट्टापन आने लगता है।

फर्मेंटेशन में चीनी की भी भूमिका होती है। अगर किसी फर्मेंट होने वाली चीज में ज्यादा चीनी डाल दी जाए तो बैक्टीरिया की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है और दही जमने की रफ्तार धीमी पड़ सकती है। वहीं कम मात्रा में डाली गई चीनी बैक्टीरिया के लिए फूड की तरह काम करती है और फर्मेंटेशन को थोड़ा तेज कर सकती है। अगर दही जमाने से पहले दूध में थोड़ी चीनी मिलाई जाए तो दही का स्वाद हल्का मीठा हो सकता है। कुछ रिसर्च के मुताबिक, फर्मेंटेशन से पहले दूध में चीनी मिलाने से दही जल्दी जम सकता है, क्योंकि चीनी का कुछ हिस्सा लैक्टिक एसिड में बदल जाता है। इससे दही में हल्का अम्लीय स्वाद आता है, लेकिन मिठास उसकी तीव्रता को संतुलित कर देती है।

हालांकि सेहत के नजरिए से दही जमाने से पहले उसमें रिफाइंड शुगर मिलाना सही नहीं माना जाता। रोजमर्रा की कई चीजों से पहले ही शरीर में काफी मात्रा में चीनी पहुंचती है, इसलिए हेल्दी फूड्स में अतिरिक्त चीनी डालने से बचना बेहतर माना जाता है।

अगर आप चाहते हैं कि घर का दही ज्यादा खट्टा न हो, तो कुछ आसान बातों का ध्यान रखना जरूरी है—

  • दही जमाने के लिए मिट्टी के बर्तन का इस्तेमाल करें और बर्तन को अच्छी तरह साफ रखें।
  • गाढ़ा दही जमाने के लिए बर्तन के अंदर चारों तरफ थोड़ा दही लगा सकते हैं। चाहें तो थोड़ा मिल्क पाउडर भी मिला सकते हैं।
  • दूध का तापमान सही होना चाहिए। दूध इतना गर्म हो कि उंगली डालने पर जले नहीं, लेकिन पूरी तरह ठंडा भी न हो। इसी तापमान पर जामन मिलाएं।
  • दही जमने के तुरंत बाद उसे फ्रिज में रख दें, इससे फर्मेंटेशन धीमा हो जाता है और दही ज्यादा खट्टा नहीं होता।
  • दही निकालते समय हमेशा सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें।

Leave Your Comments