Ganesh Chaturthi : देशभर में गणेश उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। घरों और सार्वजनिक पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना के साथ दस दिवसीय गणेशोत्सव का शुभारंभ हुआ। विभिन्न राज्यों में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और कई स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया पर गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विघ्नहर्ता के दर्शन और पूजन का यह पावन पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करे। उन्होंने कामना की कि भगवान गणेश के दिव्य आशीर्वाद से सभी के प्रयास सफल हों और राष्ट्र निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश के अंत में ‘गणपति बाप्पा मोरया’ भी कहा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर देश और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने X पर जारी संदेश में कहा कि गणेश चतुर्थी के दिन शुरू होने वाले सभी शुभ कार्य भगवान विनायक की कृपा से सफल हों। उन्होंने नए विश्वास के साथ प्रत्येक परिवार में खुशी, शांति और समृद्धि बढ़ने की कामना की। साथ ही लोगों की आकांक्षाएं पूरी होने और सभी प्रयास सफलता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रार्थना की।
मुंबई के प्रसिद्ध गणेश पंडालों और मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ी। तमिलनाडु में पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए हजारों पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की तैयारियां की गई हैं। दस दिवसीय उत्सव के दौरान विभिन्न स्थानों पर सामूहिक पूजा और धार्मिक आयोजन होंगे