सोशल मीडिया की दुनिया से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। फेमस कंटेंट क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर मीशा अग्रवाल का असामयिक निधन हो गया है। महज 24 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कहने वाली मीशा 2 दिनों में अपना 25वां जन्मदिन मनाने वाली थीं। उनके अचानक चले जाने से उनके फैंस और फॉलोअर्स में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिवार ने दी आधिकारिक पुष्टि
मीशा के परिवार ने शुक्रवार, 25 अप्रैल को उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बयान जारी करते हुए उनके निधन की पुष्टि की। बयान में कहा गया,
"हम भारी मन से आप सभी को सूचित कर रहे हैं कि हमारी प्यारी मीशा अब हमारे बीच नहीं रहीं। आप सभी ने उन्हें जो प्यार और समर्थन दिया, उसके लिए हम तहे दिल से आभारी हैं। हम अभी इस गहरे नुकसान से उबरने की कोशिश कर रहे हैं। कृपया उन्हें अपनी यादों में जीवित रखें और उनके लिए प्रार्थना करें।"
हालांकि, परिवार की ओर से उनकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है, जिससे फैंस के बीच कई सवाल उठ रहे हैं।
फैंस ने सोशल मीडिया पर दी श्रद्धांजलि
मीशा के निधन की खबर फैलते ही उनके फैंस और सोशल मीडिया फॉलोअर्स ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कई यूजर्स ने पोस्ट पर कमेंट करते हुए अपने दुख का इजहार किया।
एक यूजर ने लिखा, "काश यह खबर झूठी होती। वह बहुत सुंदर और टैलेंटेड थीं। उनके परिवार के लिए दुआ करता हूं।"
वहीं, एक अन्य ने लिखा, "अब भी यकीन नहीं हो रहा कि वह नहीं रहीं... वह बहुत जिंदादिल थीं। हमेशा याद रहेंगी।"
मीशा अग्रवाल अपने मजेदार और दिलचस्प कॉन्टेंट के लिए जानी जाती थीं। इंस्टाग्राम पर उनके 3 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे।
वह न सिर्फ कॉमेडी वीडियोज बनाती थीं, बल्कि फैशन और लाइफस्टाइल से जुड़ा कंटेंट भी उनके फॉलोअर्स के बीच बेहद लोकप्रिय था। उनके अचानक चले जाने से सोशल मीडिया कम्युनिटी में एक बड़ा खालीपन आ गया है।