दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के पहले राउंड की मतगणना में मुकाबला कई पदों पर कड़ा नजर आ रहा है। शुरुआती रुझानों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद यानी ABVP तीन पदों पर आगे है, जबकि उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने ABVP और NSUI दोनों के उम्मीदवारों से बढ़त बना ली है।
अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास और NSUI के विजय शंकर मीना के बीच भी नजदीकी मुकाबला देखने को मिल रहा है।
अध्यक्ष पद पर यश डबास को बढ़त
राउंड 1 की मतगणना में अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास को 1305 वोट मिले हैं। वहीं, NSUI के विजय शंकर मीना को 1191 वोट मिले।
उपाध्यक्ष पद के आंकड़े इस मुकाबले को और दिलचस्प बना रहे हैं। यहां ABVP के ईशू मौर्य को 865 वोट और NSUI के वीर चतरथ को 242 वोट मिले। निर्दलीय दीपांशु शौकीन 1391 वोट के साथ सबसे आगे हैं।
सचिव और संयुक्त सचिव पद पर भी मुकाबला
सचिव पद पर ABVP की रिया छावड़ी को 909 वोट मिले हैं, जबकि NSUI की नम्रता चौधरी को 450 वोट मिले।
संयुक्त सचिव पद पर ABVP के लक्ष्य राज सिंह को 938 वोट और NSUI के गोपाल चौधरी को 698 वोट मिले। वहीं, निर्दलीय विशेष यादव 996 वोट के साथ आगे हैं।
संयुक्त सचिव पद पर भी कड़ी टक्कर
संयुक्त सचिव पद के रुझानों में ABVP और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच कड़ी टक्कर दिखाई दे रही है। पहले राउंड के आंकड़ों के आधार पर सभी प्रमुख पदों पर मुकाबला बना हुआ है और फिलहाल अंतिम नतीजे को लेकर कुछ कहना जल्दबाजी होगी।
52 पोलिंग सेंटर्स पर 40.46 प्रतिशत मतदान
दिल्ली यूनिवर्सिटी के 52 पोलिंग सेंटर्स से मिले आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को हुए मतदान में 40.46 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। यह पिछले तीन सालों में दर्ज किया गया सबसे ज्यादा मतदान था। पिछले वर्ष मतदान प्रतिशत 39.5 रहा था।
अलग-अलग समय पर क्लास में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की सुविधा के लिए मतदान दो चरणों में कराया गया। पहला चरण सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक चला, जबकि शाम की क्लास वाले विद्यार्थियों के लिए दूसरा चरण दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक आयोजित किया गया।