Heartbreaking incident in Delhi : प्रेम प्रसंग के विवाद में नाबालिग ने युवक की चाकू मारकर हत्या

Authored By: News Corridors Desk | 03 Feb 2026, 06:11 PM
news-banner

दिल्ली में बढ़ता अपराध: नाबालिग ने युवक की बेरहमी से हत्या

राजधानी दिल्ली में लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके का है, जहां सोमवार रात एक नाबालिग ने विवाद के दौरान 20 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना सोमवार रात करीब 9:30 बजे थाना तिलक नगर क्षेत्र के 80 गज इलाके में हुई। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू की। घटनास्थल से खून से सना चाकू भी बरामद किया गया है, जिससे हत्या को अंजाम दिया गया था प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद था। मृतक युवक की पहचान शिवम के रूप में हुई है, जो आरोपी नाबालिग की बहन के साथ कथित तौर पर रिश्ते में था। इसी बात को लेकर आरोपी काफी समय से नाराज चल रहा था और मौके पर हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया।

बहन के प्रेम संबंधों से नाराज था नाबालिग

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सोमवार रात आरोपी नाबालिग और शिवम के बीच पहले तीखी बहस हुई। बहस के दौरान आरोपी ने आपा खो दिया और चाकू निकालकर शिवम पर कई बार वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल शिवम सड़क पर ही गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से अपनी बहन और शिवम के रिश्ते को लेकर मानसिक तनाव में था। इसी रंजिश के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

चाकू बरामद, नाबालिग से पूछताछ जारी

घटना के बाद क्राइम टीम और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू को जब्त कर लिया है। नाबालिग आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा।फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात पूर्व नियोजित थी या गुस्से में आकर अचानक अंजाम दी गई। इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।