CM योगी का दिवाली के प्रदूषण पर जवाब- 'प्रदूषण हो गया तो खत्म भी हो जाएगा, काहे चिंता करते हो'

CM योगी का दिवाली के प्रदूषण पर जवाब- 'प्रदूषण हो गया तो खत्म भी हो जाएगा, काहे चिंता करते हो'
हाइलाइट्स
• योगी बोले- प्रदूषण हो गया तो खत्म भी हो जाएगा
• दिवाली पर आतिशबाजी का किया समर्थन
• अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवाली पर आतिशबाजी से प्रदूषण होने की चिंता जताने वालों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दीपावली पर लोगों ने पटाखे चलाए तो प्रदूषण हो गया, लेकिन यह खत्म भी हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि जिन लोगों ने अपने भ्रष्ट कारनामों से पूरे सिस्टम को प्रदूषित किया, उनके बारे में कोई बात क्यों नहीं करता।

योगी आदित्यनाथ ने दीपावली पर आतिशबाजी का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने कोई प्रतिबंध नहीं लगाया। उन्होंने बताया कि वह खुद अयोध्या में आतिशबाजी के दौरान मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों पर जब लोग खुशी मनाते हैं, तभी कुछ लोगों को प्रदूषण याद आने लगता है।

'खूब आतिशबाजी की, अच्छा किया', दिवाली पर CM योगी का बयान

मुख्यमंत्री ने कहा, "आप लोगों ने दीपावली मनाई और बहुत से लोग कह रहे हैं इससे प्रदूषण हो गया। हमने कहा प्रदूषण हो गया तो समाप्त भी हो जाएगा। काहे चिंता कर रहे हो। जिन लोगों ने अपने भ्रष्ट कारनामों से पूरे सिस्टम को प्रदूषित किया उनको कोई नहीं बोलता।"

उन्होंने आगे कहा, "अच्छा किया जो लोगों ने धूम धड़ाके के साथ दीपावली मनाई। खूब आतिशबाजी की। हम लोगों ने कहा कोई प्रतिबंध नहीं लगाएंगे। मैं भी अयोध्या में आतिशबाजी में था।"

2017 से पहले की नियुक्ति व्यवस्था पर उठाए सवाल

योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरियों और नियुक्तियों को लेकर भी पिछली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में योग्य युवाओं को उनकी प्रतिभा के अनुरूप काम नहीं मिलता था और नौकरी पाने में भेदभाव होता था।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उस समय बिना सिफारिश और लेनदेन के नियुक्ति नहीं होती थी। उन्होंने इसे 'सैफई सिंडिकेट' का दौर बताते हुए कहा कि परीक्षा कोई और देता था और नियुक्ति पत्र किसी दूसरे व्यक्ति को मिल जाता था।

उन्होंने कहा कि 2017 में सरकार बनने के बाद पुलिस विभाग की समीक्षा के दौरान उन्हें बताया गया था कि उत्तर प्रदेश पुलिस में डेढ़ लाख पद खाली थे। योगी ने यह भी आरोप लगाया कि तत्कालीन समाजवादी पार्टी सरकार ने यूपी पीएसी की 34 कंपनियां समाप्त कर दी थीं।

सपा सरकार के दौरान दंगों और कर्फ्यू का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि सपा के चार कार्यकाल के दौरान उत्तर प्रदेश में 1500 दंगे हुए थे और कई बार महीनों तक कर्फ्यू लगा रहता था।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि धनतेरस, होली, दीपावली, विजयादशमी, जन्माष्टमी, शिवरात्रि, क्रिसमस, ईद, गुरुपर्व और मकर संक्रांति जैसे त्योहारों से पहले दंगे शुरू हो जाते थे। उनके मुताबिक, कर्फ्यू लगने से बाजार बंद हो जाते थे और व्यापारियों का सामान खराब हो जाता था।

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा, "लेकिन पिछले साढ़े नौ वर्ष में नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में अब सब चंगा। चंगा है?"

अखिलेश यादव पर तंज, 26 जनवरी तक एक लाख नियुक्ति पत्र देने का ऐलान

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने 26 जनवरी तक एक लाख युवाओं को और नियुक्ति पत्र देने की बात कही है। इस घोषणा पर अखिलेश यादव की ओर से आए बयान का जिक्र करते हुए उन्होंने तंज कसा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब नियुक्ति पत्र बांटे जा रहे होते हैं, तब सपा प्रमुख के सोने का समय होता है। उन्होंने देर से उठने और नियुक्तियों की जानकारी नहीं होने को लेकर भी कटाक्ष किया।

रोवर मशीन से पैमाइश और 445 मशीनों का जिक्र

मुख्यमंत्री ने जमीन की पैमाइश के लिए नई तकनीक अपनाने की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि पहले इस्तेमाल होने वाली पुरानी तकनीक की जगह अब सैटेलाइट और रोवर तकनीक से जमीन की सटीक पैमाइश की व्यवस्था की गई है।

योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, इस तकनीक से एक इंच भी इधर-उधर होने की गुंजाइश नहीं रहेगी और गरीबों को उनका अधिकार मिलेगा। उन्होंने बताया कि अकेले जून महीने में लगभग 70,000 पैमाइश पूरी की गईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सभी तहसीलों में रोवर मशीन उपलब्ध है। सरकार ने कुल 445 रोवर मशीन खरीदी हैं, ताकि पैमाइश से जुड़े मामलों का समयसीमा के भीतर निस्तारण किया जा सके।