संभल-मथुरा पर सीएम योगी आदित्यनाथ का बड़ा बयान, बोले- 'जितने मंदिर होंगे सब ढूंढेंगे...'

Authored By: News Corridors Desk | 26 Mar 2025, 02:25 PM
news-banner
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक पॉडकास्ट के दौरान राज्य में मुसलमानों की सुरक्षा पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुसलमान सबसे अधिक सुरक्षित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर हिंदू सुरक्षित हैं, तो मुसलमान भी सुरक्षित रहेंगे।

संभल में तिरपाल से ढकी मस्जिदों पर प्रतिक्रिया

संभल में मस्जिदों को तिरपाल से ढकने के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि "अगर आप रंगों से खेल रहे हैं, तो यह किसी पर भी डाला जा सकता है। इससे किसी की पहचान प्रभावित नहीं होती।" उन्होंने यह भी कहा कि मोहर्रम के झंडों की छाया हिंदू घरों पर पड़ती है, लेकिन इससे कोई घर अपवित्र नहीं होता। 

योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि देश उनके इरादों को समझ चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अयोध्या विवाद को जिंदा रखना चाहती थी।

संभल और वाराणसी में मंदिरों की खोज

संभल और वाराणसी में नए मंदिरों की खोज पर सीएम योगी ने कहा कि प्रशासन ने अब तक 54 धार्मिक स्थलों की पहचान की है और और भी खोज की जा रही है। उन्होंने कहा कि "संभल सच है और हम दुनिया को बताएंगे कि यहां क्या हुआ था।"

महाकुंभ में मुसलमानों की भागीदारी

महाकुंभ में मुसलमानों की भागीदारी के सवाल पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि "कुंभ उन सभी के लिए है जो खुद को भारतीय मानते हैं। जो भारतीय के रूप में आएगा, उसका स्वागत किया जाएगा।" ईद और रामनवमी के जुलूसों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रशासन ने इस संबंध में एसओपी तैयार की है और उत्तर प्रदेश पहला राज्य है जिसने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार धार्मिक स्थलों से निकलने वाली आवाज को नियंत्रित किया है। 

मथुरा में ईदगाह मस्जिद और कृष्ण जन्मभूमि विवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे केवल कोर्ट के आदेशों का पालन कर रहे हैं। उन्होंने वक्फ बोर्ड के कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज तक वक्फ बोर्ड ने कौन सा कल्याणकारी काम किया है?

तीसरे कार्यकाल की तैयारी?

तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह उनकी पार्टी तय करेगी। उन्होंने कहा कि "मैं क्यों बनूंगा, कोई भी पार्टी का कार्यकर्ता बन सकता है। बुलडोजर एक्शन पर सीएम योगी ने कहा कि "जो जैसे समझेगा, उसको उसी भाषा में समझाना चाहिए।" उन्होंने डबल इंजन सरकार की स्थिरता पर भी जवाब दिया। 

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि "कुछ लोग महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी, गुरु गोविंद सिंह का इतिहास नहीं जानते, लेकिन औरंगजेब और बाबर की पूजा करते हैं।

8 साल की उपलब्धियां

अपने 8 साल के शासन की सबसे बड़ी उपलब्धि पर उन्होंने कहा कि जनता की संतुष्टि ही सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के समग्र विकास के लिए तैयार किया गया रोडमैप सफल रहा है।