सीएम धामी ने दलेर मेहंदी से फोन पर की बात, हालचाल जाना और घटनाक्रम पर हुई चर्चा

सीएम धामी ने दलेर मेहंदी से फोन पर की बात, हालचाल जाना और घटनाक्रम पर हुई चर्चा
हाइलाइट्स
• सीएम धामी ने दलेर मेहंदी से फोन पर की बात
• हालचाल जाना, हालिया घटनाक्रम पर हुई चर्चा
• मीका सिंह ने सोशल मीडिया पर जताया आभार

उत्तराखंड के नई टिहरी में एक कार्यक्रम के दौरान सिंगर दलेर मेहंदी और राज्य सरकार के मंत्री सुबोध उनियाल से जुड़ा विवाद अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बयान के बाद चर्चा में है। सीएम धामी ने कहा कि मंत्री ने अपना पक्ष स्पष्ट कर दिया है और उनका ऐसा कोई इरादा नहीं था। ऐसे में अब इस मामले को यहीं खत्म किया जाना चाहिए।

दरअसल, रविवार को दलेर मेहंदी नई टिहरी में एक कार्यक्रम में प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और ऊंची आवाज में उनसे पूछा कि क्या उन्होंने शराब पी रखी है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। दलेर मेहंदी के भाई और सिंगर मीका सिंह समेत कई लोगों ने मंत्री से माफी मांगने की मांग की।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने क्या कहा?

देहरादून में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मंत्री सुबोध उनियाल ने खुद बताया था कि उन्हें दलेर मेहंदी की खराब तबीयत के बारे में जानकारी नहीं थी। मंत्री ने आगे आकर अपना पक्ष भी रखा है।

सीएम धामी ने कहा, "ये सभी जाने-माने कलाकार हैं। उत्तराखंड की भूमि लेखकों, कलाकारों और विद्वानों का सम्मान करती है।"

उन्होंने आगे कहा कि उस समय लोगों के दबाव के कारण जो स्थिति बनी, उसे देखते हुए मंत्री के बयान और स्पष्टीकरण के बाद सभी को इस मामले को यहीं खत्म करना चाहिए। मुख्यमंत्री के मुताबिक, मंत्री ने स्पष्ट किया है कि उनका ऐसा कोई इरादा नहीं था।

मीका सिंह ने कलाकारों के सम्मान का मुद्दा उठाया

सीएम धामी के बयान के बाद मीका सिंह ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि स्कूलों में बच्चों को डांटने-फटकारने को लेकर भी सावधानी बरती जाती है, जबकि उत्तराखंड में मंत्री ने दलेर मेहंदी से मंच पर जिस तरह बात की, वह सही नहीं था।

मीका सिंह ने कहा, "पुष्कर धामी जी, हम सब आपकी इज़्ज़त करते हैं और उत्तराखंड से बहुत प्यार करते हैं। लेकिन किसी कलाकार के साथ इस तरह का व्यवहार बिल्कुल सही नहीं है।"

उन्होंने बताया कि दलेर मेहंदी अपनी प्रतिबद्धता निभाने कार्यक्रम में पहुंचे थे और उन्होंने पूरे 1 घंटा 30 मिनट तक प्रस्तुति दी। मीका सिंह ने यह भी कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के लिए सुनंदा शर्मा को भी बुक किया गया था, लेकिन शायद किसी वजह से वह नहीं आ पाईं। उनके मुताबिक, दलेर मेहंदी ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए दर्शकों का मनोरंजन किया।

'कलाकार भी इंसान होते हैं, उनकी इज्जत होनी चाहिए'

मीका सिंह ने आगे कहा कि कलाकार भी इंसान होते हैं और उनके सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए। अगर किसी तरह की शिकायत थी, तो उसे भी सम्मानपूर्वक सामने रखा जा सकता था।

उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को संबोधित करते हुए कहा, "धामी साहब, आप मेरे भाई जैसे हैं और समझदार इंसान हैं। मुझे उम्मीद है कि आप इस मामले को समझेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी कलाकार के सम्मान को ठेस न पहुंचे।"

मीका सिंह ने दोहराया कि उनका उत्तराखंड से लगाव है, लेकिन कलाकारों का सम्मान भी उतना ही जरूरी है। इससे पहले उन्होंने कहा था कि दलेर मेहंदी पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे और हाल ही में उनकी बड़ी सर्जरी हुई है।

सीएम धामी ने मीका सिंह से फोन पर की बातचीत

इस विवाद के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीका सिंह से फोन पर भी बातचीत की। सीएम ने X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।

उन्होंने लिखा, "आज प्रसिद्ध गायक मीका सिंह से जी से दूरभाष पर बातचीत की। दलेर मेहंदी जी से जुड़े विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की गलतफहमी को आपसी संवाद और सौहार्द से दूर किया जाना चाहिए।"

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि देवभूमि उत्तराखंड 'अतिथि देवो भवः' की महान परंपरा का संवाहक है और यहां सभी कलाकारों का सदैव हृदय से स्वागत और सम्मान है।